घंटाघर की बुलंद आवाज रहे क्रांतिकारी नेता जमना जैसानी को हरदा ने किया नमन, श्रद्धांजलि व सम्मान समारोह आयोजित
Vivek Gupta March 24, 2026 0
घंटाघर की बुलंद आवाज रहे क्रांतिकारी नेता जमना जैसानी को हरदा ने किया नमन, श्रद्धांजलि व सम्मान समारोह आयोजित
हरदा से ब्यूरो चीफ गोपाल शुक्ला
हरदा। जमना जैसानी फाउंडेशन के तत्वाधान में लोकतंत्र सेनानी, क्रांतिकारी नेता एवं वरिष्ठ पत्रकार स्वर्गीय जमना प्रसाद जैसानी की पुण्य स्मृति में जैसानी चौक पर भावभीनी श्रद्धांजलि सभा एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने मोमबत्तियां जलाकर एवं प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं “जैसानी जी अमर रहें” के नारों के साथ हुई। फाउंडेशन के सदस्य अनिल वैद्य ने बताया कि पिछले 15 वर्षों से संस्था द्वारा निरंतर श्रद्धांजलि सभा एवं सम्मान समारोह आयोजित किया जा रहा है, जिससे समाज के प्रति स्व. जैसानी के योगदान को जीवंत बनाए रखा जा रहा है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ पत्रकार महेश कौशिक, वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. श्रीरंग मजूमदार, प्रदेश संयोजक डॉ. विशाल सिंह बघेल, नंदवाना समाज अध्यक्ष वीरेंद्र नंदवाना, पार्षद मनोज महलवार, आउटसोर्स जिला अध्यक्ष वीरेंद्र भाटी, समाजसेवी राजेंद्र भावसार, संरक्षक चंद्रकांत शुक्ला एवं सर्व ब्राह्मण समाज अध्यक्ष सुनील तिवारी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
वरिष्ठ पत्रकार महेश कौशिक ने अपने संबोधन में कहा कि स्व. जैसानी ने अपनी लेखनी के माध्यम से समाज में क्रांतिकारी बदलाव लाने का कार्य किया और वे एक अद्वितीय व्यक्तित्व के धनी थे। डॉ. श्रीरंग मजूमदार ने कहा कि वे हमेशा गरीब एवं शोषित वर्ग की मदद के लिए तत्पर रहते थे, और आज उनके पुत्र उसी परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं।
प्रदेश संयोजक डॉ. विशाल सिंह बघेल ने कहा कि क्रांतिकारी विचार किसी एक व्यक्ति तक सीमित नहीं होते, बल्कि वह एक विचारधारा होती है जिसे आगे बढ़ाना हम सभी का कर्तव्य है।
स्व. जैसानी के बचपन के मित्र राजेंद्र भावसार ने बताया कि वे बचपन से ही क्रांतिकारी सोच के थे और भगत सिंह तथा स्वामी विवेकानंद के विचारों से प्रेरित थे।
इस अवसर पर हरदा जिले में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं को भी सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में राहुल संतोष यादव (भीलट बाबा गणगौर मंडल, रोलगांव), जिन्होंने “सरस बनके आज कोयल बोली” गणगौर भजन प्रस्तुत कर प्रसिद्धि प्राप्त की, कला संवाद फाउंडेशन की युवा टीम, अजय पुरवइया (यू यूनाइटेड फुटबॉल क्लब), नितेश सर (रनिंग फिटनेस अकादमी), सौरभ काशिव एवं टीम (डिवाइन कम्प्यूटर अकादमी), कपिल दुबे (नेशनल कैडेट कोर), सत्येंद्र परिहार (राष्ट्रीय सेवा योजना), अनिल गीते (गो एवं गोशाला उत्थान संघ), प्रतीक शर्मा एवं विवेक बादर (हैंडबॉल क्लब हरदा), तथा जन अभियान परिषद के राकेश वर्मा को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में जैसानी चौक स्थित प्रतिमा के समक्ष मोमबत्तियां जलाकर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। फाउंडेशन सदस्य अनिल वैद्य ने कहा कि स्व. जमना प्रसाद जैसानी ऐसे व्यक्तित्व थे, जिन्होंने अपना पूरा जीवन समाज और उसके अधिकारों के लिए समर्पित कर दिया। यही कारण है कि वे आज भी हर वर्ग के दिलों में जीवित हैं।