June 4, 2026

ग्रामीण पत्रकारों ने याद किए स्व० बाबू बालेश्वर लाल जी के संघर्ष और योगदान

0
WhatsApp Image 2026-05-27 at 4.53.28 PM

अतर्रा (बांदा)। ग्रामीण पत्रकारिता को नई दिशा देने वाले ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन, उत्तर प्रदेश के संस्थापक स्वर्गीय बाबू बालेश्वर लाल जी की 39वीं पुण्यतिथि बुधवार को अतर्रा तहसील इकाई द्वारा “ग्रामीण पत्रकारिता दिवस” के रूप में श्रद्धा, सम्मान और गरिमा के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में वरिष्ठ एवं युवा पत्रकारों ने बड़ी संख्या में शामिल होकर स्वर्गीय बालेश्वर लाल जी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके पत्रकारिता जगत में दिए गए योगदान को याद किया। कार्यक्रम का आयोजन छेदीलाल इंटर कॉलेज, बदौसा रोड अतर्रा में तहसील अध्यक्ष एवं कार्यक्रम संयोजक संतोष कुशवाहा तथा कार्यक्रम प्रभारी दिनेश कुमार गुप्ता के नेतृत्व में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार गिरिजा शरण तिवारी ने की, जबकि संचालन तहसील अध्यक्ष संतोष कुशवाहा ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत स्वर्गीय बाबू बालेश्वर लाल जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। उपस्थित पत्रकारों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

अपने अध्यक्षीय संबोधन में वरिष्ठ पत्रकार गिरिजा शरण तिवारी ने कहा कि पत्रकारिता केवल समाचारों का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक और सही दिशा देने का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि आजादी के पहले भी पत्रकारों ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ कलम की ताकत से संघर्ष किया और “स्वराज” जैसी पत्रिकाओं के माध्यम से जनजागरण का कार्य किया। उन्होंने कहा कि सच्चा पत्रकार हर परिस्थिति में सच लिखने का साहस रखता है। संगठन की मजबूती आपसी सम्मान, अनुशासन और मर्यादा बनाए रखने से ही संभव है।

संरक्षक जगत नारायण शास्त्री ने कहा कि किसी भी संगठन की असली ताकत उसके सदस्यों की एकता, प्रेम और आपसी सामंजस्य में होती है। उन्होंने पत्रकारों से नकारात्मक गतिविधियों से दूर रहकर संगठन हित में कार्य करने की अपील की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कार्य कर रहे पत्रकार समाज की असली तस्वीर शासन और प्रशासन तक पहुंचाने का कार्य करते हैं।

विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ पत्रकार उमाकांत दीक्षित ने संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प दोहराते हुए कहा कि पत्रकार हितों की रक्षा के लिए संगठन हमेशा संघर्ष करता रहेगा। उन्होंने तहसील इकाई द्वारा लिए गए सभी प्रस्तावों का समर्थन करते हुए हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

कार्यक्रम का संचालन करते हुए तहसील अध्यक्ष संतोष कुशवाहा ने स्वर्गीय बाबू बालेश्वर लाल जी के संघर्षों और योगदान को याद करते हुए कहा कि वर्ष 1986 में उन्होंने ग्रामीण पत्रकारों की समस्याओं को समझते हुए एक ऐसा संगठन खड़ा किया, जिसने गांव और कस्बों में कार्य करने वाले पत्रकारों को नई पहचान और मजबूत मंच प्रदान किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण पत्रकार ही समाज की जमीनी सच्चाई को सामने लाने का काम करता है और आम जनता की आवाज को शासन-प्रशासन तक पहुंचाता है।

उन्होंने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और पत्रकारों की जिम्मेदारी केवल खबर लिखने तक सीमित नहीं होती, बल्कि समाज के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करना भी उनका कर्तव्य है। उन्होंने पत्रकारों से निष्पक्ष, निर्भीक और जनहित की पत्रकारिता करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए। इनमें तहसील स्तर पर संगठन का विस्तार, थाना स्तर पर समितियों का गठन, पत्रकार उत्पीड़न के मामलों में संगठन को तत्काल सूचना देकर सामूहिक कार्रवाई सुनिश्चित करना तथा जिला सम्मेलन में सभी सदस्यों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने जैसे प्रस्ताव शामिल रहे। साथ ही संगठन विरोधी गतिविधियों में संलिप्त पूर्व अध्यक्ष अवधेश शिवहरे की प्राथमिक सदस्यता समाप्त करने का भी निर्णय लिया गया।

कार्यक्रम में उपस्थित सभी पत्रकारों को संगठन की ओर से सम्मान पत्र, अंगवस्त्र और फूलमाला भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह के दौरान पत्रकारों में उत्साह और संगठन के प्रति समर्पण का भाव देखने को मिला।

इस अवसर पर संरक्षक जगतनारायण शास्त्री, गौरीशंकर गुप्ता, पूर्व तहसील अध्यक्ष एवं संरक्षक आनंद गुप्ता उर्फ नंद कुमार गुप्ता, तहसील महामंत्री प्रवीण कुमार द्विवेदी, अनूप कुमार, ओमप्रकाश गौतम, उपाध्यक्ष दिनेश कुमार गुप्ता, हरिओम बाजपेई, रामप्रकाश गुप्ता, कोषाध्यक्ष शरद कुमार, पप्पू गुप्ता, इंद्रजीत कुशवाहा, चंद्र किशोर, राममहेश त्रिपाठी, सचिन कुमार, शशीकांत राजन, महेश कुमार गुप्ता, अजय यादव, अरविंद कुमार, सीपी सरगम, श्रीराम गुप्ता, ज्ञानेंद्र कुमार सहित दो दर्जन से अधिक पत्रकार मौजूद रहे।

कार्यक्रम का समापन संगठन की मजबूती, पत्रकार एकता और निष्पक्ष ग्रामीण पत्रकारिता के संकल्प के साथ हुआ।

दिनेश कुमार गुप्ता
जिला संवाददाता

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed