✨ वाजपेयी की जन्म शताब्दी पर बदनावर में अटल स्मृति सम्मेलन
🏗️ करोड़ों के विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन, नगर को मिली नई फायर ब्रिगेड
भाजपा सरकार अटल जी के सपनों को कर रही साकार : केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर
बदनावर | संवाददाता: निलेश बदनावर
देश के पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न पंडित अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म शताब्दी एवं मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के सफल दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में बुधवार को नगर परिषद बदनावर में भव्य अटल स्मृति सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नगर के विकास को नई गति देते हुए करीब 25 करोड़ रुपये के विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन संपन्न हुए।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर रहीं, जबकि अध्यक्षता पूर्व कैबिनेट मंत्री राजवर्धन सिंह दत्तीगांव ने की। विशिष्ट अतिथियों के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष महंत निलेश भारती, पूर्व राज्यमंत्री महेंद्र सिंह पिपलीपाडा, राजेश अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष सरदार सिंह मेडा सहित अनेक जनप्रतिनिधि मंचासीन रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर एवं 101 दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। नगर परिषद अध्यक्ष मीना शेखर यादव, सीएमओ लालसिंह राठौर, उपाध्यक्ष राजेन्द्र सिंह पंवार सहित पार्षदों ने अतिथियों का स्वागत किया। स्वागत भाषण में नगर परिषद अध्यक्ष मीना यादव ने नगर में चल रहे विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी दी।
🗣️ विकास ही हमारी प्राथमिकता : दत्तीगांव
अध्यक्षीय उद्बोधन में पूर्व मंत्री राजवर्धन सिंह दत्तीगांव ने कहा कि शहर के विकास को लेकर जो सपना देखा गया था, वह अब धरातल पर उतर रहा है। उन्होंने कहा कि बलवंती नदी नगर की आस्था का केंद्र है, इसके जीर्णोद्धार से शहर की पहचान और सुंदरता दोनों में वृद्धि होगी। बदनावर चारों ओर से फोरलेन से जुड़ रहा है, जिससे व्यापार और आवागमन को नई दिशा मिलेगी। आने वाले समय में विकास कार्यों को और गति दी जाएगी।
🏛️ दो वर्षों में बदला मध्यप्रदेश का स्वरूप : निलेश भारती
भाजपा जिलाध्यक्ष महंत निलेश भारती ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के दो वर्षों का कार्यकाल उपलब्धियों से भरा रहा है। किसान, गरीब, महिला और युवाओं के लिए सरकार की योजनाओं से प्रदेश में व्यापक बदलाव आया है। शासन की योजनाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, यह हम सभी की जिम्मेदारी है।
🌸 अटल जी के सपनों को आगे बढ़ा रही भाजपा सरकार : सावित्री ठाकुर
मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर ने अटल बिहारी वाजपेयी के व्यक्तित्व और कृतित्व को याद करते हुए कहा कि अटल जी केवल विचारों के नहीं, बल्कि विकास के प्रधानमंत्री थे। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि अटल जी के संकल्प से ग्रामीण भारत की तस्वीर बदली। वर्तमान भाजपा सरकार उसी सुशासन और विकास की सोच को आगे बढ़ा रही है।
उन्होंने कहा कि पीएम मित्रा पार्क बदनावर की तस्वीर और तकदीर बदलने वाला है। भविष्य में बदनावर से रेल लाइन जोड़ने के प्रयास भी किए जा रहे हैं। आने वाली पीढ़ी के लिए एक विकसित, सुंदर और आत्मनिर्भर बदनावर बनाना हमारा संकल्प है।
🎁 नगर को मिली करोड़ों की सौगात
कार्यक्रम में—
-
₹13.11 करोड़ लागत से बलवंती नदी जीर्णोद्धार का भूमिपूजन
-
अमृत 2.0 योजना अंतर्गत ₹1.10 करोड़ की पेयजल लाइन विस्तारीकरण
-
₹23.50 लाख की लागत से बने मुख्यमंत्री संजीवनी क्लीनिक का लोकार्पण
-
₹12.50 लाख की लागत से निर्मित सार्वजनिक शौचालय का लोकार्पण
-
3500 लीटर क्षमता की नई फायर ब्रिगेड का लोकार्पण
भी किया गया। अतिथियों ने फायर ब्रिगेड की चाबी चालक को सौंपकर उसे जनता को समर्पित किया। अब नगर परिषद के पास कुल तीन फायर ब्रिगेड उपलब्ध हो गई हैं।
🛣️ “अटल पथ” की घोषणा
कार्यक्रम के दौरान पूर्व मंत्री दत्तीगांव की मांग पर नगर परिषद अध्यक्ष मीना यादव ने बड़नगर रोड पर साढ़े 9 करोड़ की लागत से बन रही आदर्श सड़क का नाम “अटल पथ” रखने की घोषणा की, जिसे उपस्थित जनसमूह ने तालियों के साथ सराहा।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वनिधि योजना के हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र तथा वार्ड क्रमांक 3 में बने नवीन आंगनवाड़ी भवन की चाबी भी सौंपी गई।
कार्यक्रम का संचालन सुजीत धोड़पकर ने किया एवं आभार प्रदर्शन पार्षद जितेंद्र शर्मा ने माना।
More Stories
युवराज अंबेडकर एजुकेशनल ट्रस्ट द्वारा भव्य ओपन माइक शो का आयोजन, युवा प्रतिभाओं ने बिखेरा हुनर का जलवा
होली पर्व को लेकर प्रशासन सतर्क अतर्रा कोतवाली में हुई पीस कमेटी की बैठक, जाम–सफाई–बिजली व्यवस्था पर हुई विस्तार से चर्चा
नेशनल हाईवे-35 पर भीषण हादसा: कार-बाइक की आमने-सामने टक्कर, तीन गंभीर