नवनिर्माण के 9 वर्ष” पुस्तक का विमोचन, जालौन में विकास कार्यों की झलक पेश
Vivek Gupta March 23, 2026 0
नवनिर्माण के 9 वर्ष” पुस्तक का विमोचन, जालौन में विकास कार्यों की झलक पेश
स्थान – जालौन
उत्तर प्रदेश सरकार के “नवनिर्माण के 9 वर्ष” पूर्ण होने के अवसर पर मुख्यमंत्री Yogi Adityanath द्वारा लखनऊ स्थित लोक भवन सभागार से वार्षिक पुस्तक “नवनिर्माण के 9 वर्ष” का विमोचन किया गया। इस अवसर पर जनपद जालौन के विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में कार्यक्रम का सजीव प्रसारण आयोजित किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए सरकार की उपलब्धियों को देखा और सुना।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी, सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार, मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सजीव प्रसारण के उपरांत सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा ने प्रेस वार्ता कर सरकार की उपलब्धियों को विस्तार से प्रस्तुत किया।
उन्होंने बताया कि जनपद जालौन में विकास के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य किए गए हैं। नून नदी पुनर्जीवन योजना के अंतर्गत नदी की सफाई, गाद हटाने और प्राकृतिक प्रवाह बहाल करने का कार्य सफलतापूर्वक किया गया। गौवंश संरक्षण के क्षेत्र में 9 वृहद गौ आश्रय स्थल और 331 अस्थायी गौशालाओं का संचालन किया जा रहा है। साथ ही 265 गौशालाओं में सोलर ऊर्जा आधारित कैमरे स्थापित कर उनकी निगरानी की जा रही है। इस उत्कृष्ट कार्य के लिए जनपद को “स्कॉच पुरस्कार” से सम्मानित किया गया है।
शहर के सौंदर्यीकरण और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए उरई के टाउन हॉल, चुर्खी, इकलासपुरा, कोंच बस स्टैंड और कालपी स्टैंड चौराहों का विकास किया गया है। किसानों के हित में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत 2,62,689 किसानों को 828.82 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि प्रदान की गई है। वहीं खाद्यान्न खरीद में भी जनपद ने बेहतर प्रदर्शन किया है।
आवास योजनाओं के अंतर्गत प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) में 26,669 और मुख्यमंत्री आवास योजना में 4,559 आवास स्वीकृत किए गए हैं। स्वच्छ भारत मिशन के तहत 2 लाख से अधिक शौचालयों का निर्माण कर स्वच्छता को बढ़ावा दिया गया है। महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में स्वयं सहायता समूहों द्वारा रोजगार और सेवाओं के नए अवसर सृजित किए गए हैं।
सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत हजारों निराश्रित महिलाएं, वृद्धजन और दिव्यांगजन पेंशन से लाभान्वित हो रहे हैं। प्रधानमंत्री जनधन योजना, अटल पेंशन योजना, उज्ज्वला योजना और स्वनिधि योजना के माध्यम से भी बड़ी संख्या में लोगों को लाभ पहुंचाया गया है। आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत लाखों लाभार्थियों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गई हैं।
ऊर्जा और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में भी तेजी से विकास हुआ है, जिसमें सोलर प्लांट, ट्रांसमिशन लाइन, सड़कों और उपकेंद्रों का निर्माण शामिल है। शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं पूरी की गई हैं।
राजस्व विभाग की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए बताया गया कि आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र समयबद्ध तरीके से जारी किए जा रहे हैं। साथ ही स्वामित्व योजना के अंतर्गत लाखों घरौनियों का वितरण और सीमांकन कार्य पूर्ण किया गया है।
कार्यक्रम के अंत में सभी जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया और प्रदेश के विकास में अपनी सहभागिता निभाने की बात कही।