March 2, 2026

हरदा में जैविक/प्राकृतिक उत्पाद हाट बाजार का भव्य शुभारम्भ, किसानों और उपभोक्ताओं को मिला नया मंच

Share करें

हरदा में जैविक/प्राकृतिक उत्पाद हाट बाजार का भव्य शुभारम्भ, किसानों और उपभोक्ताओं को मिला नया मंच

रिपोर्टिंग : गोपाल शुक्ला
हरदा | 24 दिसम्बर 2025

जिले में जैविक और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए जिला मुख्यालय हरदा में जैविक/प्राकृतिक उत्पाद हाट बाजार का शुभारम्भ किया गया। यह हाट बाजार नेहरू स्टेडियम के गेट क्रमांक दो के समीप प्रारम्भ हुआ है, जो प्रत्येक बुधवार को प्रातः 10 बजे से सायं 4 बजे तक आमजन के लिए खुला रहेगा।

इस हाट बाजार का उद्देश्य किसानों को उनकी जैविक उपज का उचित मूल्य दिलाना और उपभोक्ताओं को शुद्ध, स्वास्थ्यवर्धक एवं रसायन-मुक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है। हाट बाजार में जैविक फल-सब्जियां, अनाज, दालें, मसाले, जड़ी-बूटियां, शुद्ध देशी घी, खाद्य तेल सहित अन्य प्राकृतिक उत्पाद बाजिव कीमतों पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। आधुनिक सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए यहां क्यूआर कोड के माध्यम से डिजिटल भुगतान की व्यवस्था भी की गई है, जिससे उपभोक्ताओं को खरीदारी में सुविधा मिलेगी।

जनप्रतिनिधियों ने किया शुभारम्भ

टिमरनी के बाद हरदा में प्रारम्भ हुए इस साप्ताहिक जैविक/प्राकृतिक हाट बाजार का शुभारम्भ बुधवार को जिला पंचायत अध्यक्ष गजेन्द्र शाह, जिला पंचायत उपाध्यक्ष दर्शन सिंह गेहलोत, पूर्व कृषि मंत्री कमल पटेल, भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश वर्मा तथा कृषि स्थायी समिति के सभापति ललित पटेल द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने हाट बाजार का अवलोकन किया और किसानों से संवाद कर उनके उत्पादों की गुणवत्ता की सराहना की।

किसानों को मिला सीधा लाभ

जैविक हाट बाजार में प्रारम्भिक चरण में 11 किसानों द्वारा अपने-अपने स्टॉल लगाए गए, जहां उन्होंने सीधे उपभोक्ताओं को अपनी उपज विक्रय की। इससे बिचौलियों की भूमिका समाप्त होने के साथ किसानों को उनकी मेहनत का पूरा मूल्य मिलने की उम्मीद बढ़ी है। किसानों ने बताया कि इस तरह के हाट बाजार से उन्हें न केवल आर्थिक मजबूती मिलेगी, बल्कि जैविक खेती के प्रति लोगों में जागरूकता भी बढ़ेगी।

स्वास्थ्य और पर्यावरण के लिए लाभकारी पहल

जनप्रतिनिधियों ने अपने संबोधन में कहा कि जैविक और प्राकृतिक उत्पाद न केवल मानव स्वास्थ्य के लिए लाभकारी हैं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से भी अत्यंत आवश्यक हैं। इस प्रकार के हाट बाजार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने और किसानों को आत्मनिर्भर बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे।

आमजन से अपील

प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस जैविक हाट बाजार का लाभ उठाएं, शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री का उपयोग करें और स्थानीय किसानों को प्रोत्साहित करें। हरदा में प्रारम्भ हुआ यह जैविक/प्राकृतिक हाट बाजार आने वाले समय में जिले की पहचान बनने की ओर अग्रसर है।

About The Author