February 28, 2026

नेशनल हाईवे-35 पर भीषण हादसा: कार-बाइक की आमने-सामने टक्कर, तीन गंभीर

Share करें

नेशनल हाईवे-35 पर भीषण हादसा: कार-बाइक की आमने-सामने टक्कर, तीन गंभीर

जिला संवाददाता | अतर्रा/बदौसा (बांदा)

नेशनल हाईवे-35 एक बार फिर तेज रफ्तार का गवाह बना। बदौसा थाना क्षेत्र के चतुर्वेदी ढाबा के पास स्थित पेट्रोल पंप के समीप सोमवार शाम करीब 7 बजे कार और बाइक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि टक्कर मारने के बाद कार चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज रफ्तार ईको कार ने अचानक सामने से आकर बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घायलों में विनोद (28) पुत्र हीरालाल, मोहन (42) पुत्र छोटेलाल, निवासी बदौसा थाना बदौसा तथा मुन्ना (35) पुत्र अज्ञात शामिल हैं। परिजनों ने बताया कि विनोद और मोहन चित्रकूट जिले के मड़फा जंगल के पास भरतपुर के निकट शिवराजपुर में मुन्ना पाल के यहां से लौट रहे थे। तभी बदौसा थाना क्षेत्र में पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार कार ने उनकी दोपहिया वाहन को टक्कर मार दी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस के ईएमटी अजय मिश्रा व पायलट संदीप की सहायता से तीनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अतर्रा भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।

उपनिरीक्षक रामनारायण सरोज, थाना बदौसा ने बताया कि घायलों का उपचार जारी है। घटना के बाद क्षेत्र में शांति व्यवस्था सामान्य है और कानून-व्यवस्था की कोई समस्या नहीं है। फरार कार चालक की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि नेशनल हाईवे-35 पर तेज रफ्तार वाहनों की वजह से आए दिन हादसे हो रहे हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं।


दिनेश कुमार गुप्ता
जिला संवाददाता
राष्ट्रध्वनि भारतवाणी समाचार

About The Author