बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर शनिवार शाम दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
अतर्रा (बांदा), 21 फरवरी 2026।
बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर शाम करीब 7:30 बजे एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। ग्राम चंदौर, थाना बदौसा निवासी निर्मल वाल्मीकि (40) अपने भतीजे जितेंद्र वाल्मीकि (35), निवासी महुटा थाना अतर्रा के साथ मोटरसाइकिल से चौसड़ की ओर जा रहे थे। इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि निर्मल वाल्मीकि की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि पीछे बैठे जितेंद्र वाल्मीकि गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास मौजूद ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और सहायता कार्य शुरू किया। ग्रामीणों द्वारा दी गई सूचना पर डायल 112 की टीम और थाना पुलिस मौके पर पहुंची।

थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस ने दोनों घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अतर्रा भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने निर्मल वाल्मीकि को मृत घोषित कर दिया। घायल जितेंद्र वाल्मीकि का प्राथमिक उपचार जारी है, उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए बांदा स्थित मार्चरी हाउस भेज दिया है। अज्ञात वाहन की तलाश में पुलिस द्वारा आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
प्रशासन की ओर से बताया गया है कि घटना के बाद क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है और लाइन ऑर्डर की कोई समस्या नहीं है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस दर्दनाक हादसे से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सर्विस रोड पर सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने और अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
रिपोर्ट — शरद कुमार गुप्ता
तहसील संवाददाता
राष्ट्रध्वनि भारतवाणी समाचार
More Stories
युवराज अंबेडकर एजुकेशनल ट्रस्ट द्वारा भव्य ओपन माइक शो का आयोजन, युवा प्रतिभाओं ने बिखेरा हुनर का जलवा
होली पर्व को लेकर प्रशासन सतर्क अतर्रा कोतवाली में हुई पीस कमेटी की बैठक, जाम–सफाई–बिजली व्यवस्था पर हुई विस्तार से चर्चा
नेशनल हाईवे-35 पर भीषण हादसा: कार-बाइक की आमने-सामने टक्कर, तीन गंभीर