March 1, 2026

भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार बाइकों की आमने-सामने टक्कर, चार युवक गंभीर रूप से घायल

Share करें

भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार बाइकों की आमने-सामने टक्कर, चार युवक गंभीर रूप से घायल
राष्ट्रध्वनि भारतवाणी समाचार

बदौसा (जनपद बाँदा)। शुक्रवार, दिनांक 20 फरवरी 2026 को बदौसा क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार से आ रही दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत में चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और आसपास अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यह हादसा बदौसा थाना क्षेत्र में नदी पुल से पहले हुआ। जानकारी के मुताबिक समरजीत यादव पुत्र बालगीर निवासी मऊ टिटिहरा, थाना भरतकूप, जनपद चित्रकूट अपने साथी कमल पुत्र जगतपाल के साथ मोटरसाइकिल संख्या UP 96E 9111 से बदौसा से चित्रकूट की ओर जा रहे थे।

उधर से रवि बाबू पुत्र कमल बाबू निवासी रसिन थाना भरतकूप अपने साथी नन्हे राम के साथ मोटरसाइकिल एमपी ME 1967 से बदौसा की ओर आ रहे थे। बताया जा रहा है कि दोनों वाहन तेज गति में थे और नदी पुल से पहले मोड़ पर आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते जोरदार टक्कर हो गई, जिससे चारों युवक सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही बदौसा थाना अध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल एम्बुलेंस बुलाकर सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अतर्रा भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार घायलों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है, हालांकि सभी खतरे से बाहर हैं।

हादसे के बाद कुछ समय के लिए मार्ग पर जाम की स्थिति बन गई थी, जिसे पुलिस ने तुरंत नियंत्रित कर यातायात सुचारु कराया। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि घटना के बाद क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है और किसी प्रकार की लाइन ऑर्डर की समस्या नहीं है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। प्रशासन से मांग की जा रही है कि नदी पुल के पास चेतावनी संकेत और स्पीड ब्रेकर लगाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

यह हादसा एक बार फिर यह संदेश देता है कि सड़क पर जरा सी लापरवाही जिंदगी पर भारी पड़ सकती है। वाहन चालकों से अपील है कि यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित गति में वाहन चलाएं।

दिनेश कुमार गुप्ता
जिला संवाददाता
राष्ट्रध्वनि भारतवाणी समाचार

About The Author