भारत–नेपाल सीमा पर स्वास्थ्य सेवाओं की सीएमओ ने की समीक्षा, थारू जनजाति को मिल रहा संस्थागत प्रसव का लाभ
थारू जनजाति सहित दूरस्थ क्षेत्रों को मिल रही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं
लखीमपुर खीरी। भारत–नेपाल सीमा क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लेने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ संतोष गुप्ता बुधवार सुबह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पलिया व चंदन चौकी पहुंचे। उन्होंने दोनों स्वास्थ्य केंद्रों पर उपलब्ध सेवाओं का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सीएमओ ने क्षेत्र में चल रहे टीकाकरण अभियान की प्रगति की जानकारी ली। सीएचसी चंदन चौकी में आईपीडी सेवाओं को बढ़ाने के निर्देश दिए। यहां उपलब्ध ईसीजी सेवा पर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि दूरस्थ और जंगल क्षेत्र के लोगों को हृदय संबंधी बीमारियों की समय पर जांच व उपचार में इससे काफी मदद मिल रही है।
निरीक्षण के संबंध में उन्होंने बताया कि चंदन चौकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भारत–नेपाल सीमा पर स्थित होने के कारण अत्यंत महत्वपूर्ण है। यहां न केवल भारतीय नागरिकों बल्कि नेपाली नागरिकों को भी स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल रहा है। जंगल क्षेत्र होने के कारण थारू जनजाति के लोगों को संस्थागत प्रसव की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, साथ ही जननी सुरक्षा योजना (जेएसवाई) के अंतर्गत आर्थिक सहायता भी दी जा रही है।
सीएमओ ने सीएचसी चंदन चौकी पर दंत सेवाएं शुरू करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि सप्ताह में एक बार प्रत्येक शनिवार को दंत रोग विशेषज्ञ की ड्यूटी लगाई जाए, जिससे क्षेत्रीय लोगों को दंत उपचार की सुविधा मिल सके।
इसके बाद उन्होंने सीएचसी पलिया का निरीक्षण किया। इमरजेंसी, औषधि कक्ष, ओपीडी, टीकाकरण कक्ष, कोल्ड चैन रूम व वार्डों का जायजा लिया। साफ-सफाई व्यवस्था पर संतोष जताया। ठंड के मौसम को देखते हुए रूम हीटर व ब्लोअर आवश्यक स्थानों पर लगे पाए गए।
सीएचसी अधीक्षक डॉ भरत सिंह को निर्देश दिए गए कि ठंड के दृष्टिगत रैन बसेरों का नियमित भ्रमण किया जाए और अलाव की व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए, ताकि भीषण ठंड में आने वाले मरीजों को राहत मिल सके।
More Stories
युवराज अंबेडकर एजुकेशनल ट्रस्ट द्वारा भव्य ओपन माइक शो का आयोजन, युवा प्रतिभाओं ने बिखेरा हुनर का जलवा
होली पर्व को लेकर प्रशासन सतर्क अतर्रा कोतवाली में हुई पीस कमेटी की बैठक, जाम–सफाई–बिजली व्यवस्था पर हुई विस्तार से चर्चा
नेशनल हाईवे-35 पर भीषण हादसा: कार-बाइक की आमने-सामने टक्कर, तीन गंभीर