March 1, 2026

निघासन–पलिया स्टेट हाईवे पर दर्दनाक हादसा

Share करें

निघासन–पलिया स्टेट हाईवे पर दर्दनाक हादसा

गन्ना भरी ट्राली से टकराई बाइक, एक युवक की मौत, दूसरा गंभीर घायल

नीरज कुमार
ब्यूरो चीफ, लखीमपुर खीरी

लखीमपुर खीरी।
जनपद लखीमपुर खीरी के निघासन–पलिया स्टेट हाईवे पर बम्हनपुर के पास शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। गन्ना भरी ट्राली से बाइक की जोरदार टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बाइक सवार युवक तेज रफ्तार में जा रहे थे, तभी अचानक सड़क पर गन्ना भरी ट्राली आ जाने से बाइक अनियंत्रित होकर उससे टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

मृतक की पहचान अमन, निवासी दरेरी पटिहन, थाना पलिया क्षेत्र के रूप में हुई है। वहीं हादसे में घायल युवक राम आशीष को गंभीर अवस्था में उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही मझगई पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया गया।

थाना प्रभारी राजीव राव ने बताया कि घायल राम आशीष का इलाज अस्पताल में चल रहा है तथा मामले की जांच की जा रही है। पुलिस द्वारा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने स्टेट हाईवे पर भारी वाहनों की आवाजाही और सुरक्षा इंतजामों को लेकर प्रशासन से उचित कदम उठाने की मांग की है।

About The Author