March 1, 2026

राधा-कृष्ण की दिव्य प्रतिमा से आलोकित हुआ हरदा, करूणानिधान नवदुर्गा बजरंग मंदिर में तीन दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा समारोह संपन्न

Share करें

राधा-कृष्ण की दिव्य प्रतिमा से आलोकित हुआ हरदा, करूणानिधान नवदुर्गा बजरंग मंदिर में तीन दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा समारोह संपन्न

हरदा। शहर के गुर्जर भवन के पास स्थित करूणानिधान नवदुर्गा बजरंग मंदिर में आयोजित तीन दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के वातावरण में सम्पन्न हुआ। दिनांक 20-02-2026 को समापन दिवस पर मंदिर परिसर में आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। भगवान राधा-कृष्ण की मनमोहक प्रतिमा के दर्शन मात्र से श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। जैसे ही वैदिक मंत्रोच्चार के बीच परदा हटाया गया, पूरा परिसर “राधे-राधे” और “जय श्रीकृष्ण” के जयकारों से गूंज उठा।

समारोह के अंतिम दिन प्रातः काल से ही धार्मिक अनुष्ठानों की शुरुआत हो गई थी। पंडित हरिओम जोशी के सान्निध्य एवं मार्गदर्शन में महान्यास, देव प्रतिष्ठा तथा पूर्णाहुति जैसे प्रमुख वैदिक कर्मकांड विधि-विधान से संपन्न कराए गए। यज्ञशाला में वेद मंत्रों की गूंज, हवन कुंड से उठती आहुति की सुगंध और भक्तों की श्रद्धा ने वातावरण को पूर्णतः आध्यात्मिक बना दिया। उपस्थित श्रद्धालु पूरे समय मंत्रोच्चार के साथ साधना भाव में लीन दिखाई दिए।

प्राण प्रतिष्ठा के महत्वपूर्ण क्षण पर जब आचार्यों ने सामूहिक स्वर में वैदिक मंत्रों का उच्चारण करते हुए परदा हटाया, तब भगवान राधा-कृष्ण की आकर्षक एवं दिव्य प्रतिमा के दर्शन होते ही श्रद्धालुओं की आंखें नम हो गईं। अनेक भक्तों ने हाथ जोड़कर प्रभु के श्रीचरणों में शीश नवाया और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर में भक्ति का ऐसा दृश्य उपस्थित था, मानो वृंदावन की छटा हरदा में उतर आई हो।

About The Author