March 2, 2026

दुधवा टाइगर रिजर्व में नर गैंडा ‘विजय’ आपसी संघर्ष में घायल, पार्क प्रशासन सतर्क

Share करें

दुधवा टाइगर रिजर्व में नर गैंडा ‘विजय’ आपसी संघर्ष में घायल, पार्क प्रशासन सतर्क
ब्यूरो चीफ लखीमपुर खीरी – नीरज कुमार

लखीमपुर खीरी। दुधवा टाइगर रिजर्व से एक महत्वपूर्ण खबर सामने आई है, जहां लगभग 18 वर्षीय नर गैंडा ‘विजय’ आपसी संघर्ष में गंभीर रूप से घायल हो गया। गैंडे के संघर्ष में घायल होने की सूचना मिलते ही पार्क प्रशासन तुरंत हरकत में आया और वन्यजीव विशेषज्ञों व पशु चिकित्सकों की टीम मौके पर पहुंच गई।

घायल गैंडे को सुरक्षित तरीके से ट्रैंकुलाइज (बेहोश) कर विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा प्राथमिक उपचार दिया जा रहा है। वन्यजीव चिकित्सकों ने बताया कि विजय के घावों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और उसके स्वास्थ्य में सुधार हेतु सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। टीम ने गैंडे के आसपास के क्षेत्र को अस्थायी रूप से सुरक्षित कर लिया है, ताकि उपचार के दौरान उसे कोई बाहरी बाधा न पहुंचे।

पार्क प्रशासन का कहना है कि वन्यजीवों में आपसी संघर्ष सामान्य व्यवहार का हिस्सा होता है, विशेषकर प्रजनन काल या क्षेत्रीय वर्चस्व के समय नर गैंडों में ऐसे विवाद देखने को मिलते हैं। अधिकारियों के अनुसार, स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और गैंडे की हालत स्थिर बनी हुई है।

दुधवा प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि विजयी का उपचार विशेषज्ञों की निगरानी में जारी है और उसकी सुरक्षा व स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। वन्यजीव प्रेमियों व स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई है कि जल्द ही गैंडा विजय पूरी तरह स्वस्थ होकर पुनः अपने प्राकृतिक आवास में लौट आएगा।

About The Author