मिदनिया तिराहा–एसएसबी रोड को मिलेगी नई पहचान, डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल की पहल पर शुरू हुआ हाई-स्टैंडर्ड सीसी रोड निर्माण
लखीमपुर खीरी, 13 दिसंबर।
जिला मुख्यालय की वर्षों पुरानी और सबसे व्यस्त सड़कों में शुमार मिदनिया तिराहा–एसएसबी रोड अब नए कलेवर में नजर आएगी। जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल की पहल पर इस महत्वपूर्ण मार्ग के चौड़ीकरण और उच्च गुणवत्ता की सीसी सड़क का कार्य शुरू हो गया है, जिससे आमजन को जाम, गड्ढों और जलभराव से स्थायी राहत मिलने की उम्मीद जगी है।
मिदनिया तिराहे से एसएसबी बटालियन होते हुए शहर सीमा तक जाने वाले इस मार्ग पर अब 3 मीटर की पुरानी सड़क को बढ़ाकर 5.30 मीटर चौड़ा किया जा रहा है। सड़क के दोनों ओर इंटरलॉकिंग टाइल्स और पक्की नालियों का निर्माण भी प्रस्तावित है। खास बात यह है कि यह मार्ग सीधे बाईपास से जुड़ेगा, जिससे शहर के यातायात को नई रफ्तार और सुगमता मिलेगी।
शनिवार को डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल स्वयं एसडीएम सदर अश्विनी कुमार सिंह और अधिकारियों की टीम के साथ मौके पर पहुँचीं और पूरे मार्ग का पैदल निरीक्षण किया। डीएम ने निर्माण कार्य की लेवलिंग, ढलाई, रोड कटिंग, गुणवत्ता और गति की बारीकी से समीक्षा की और स्पष्ट निर्देश दिए कि मानकों से कोई समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने सड़क निर्माण में बाधा बन रहे बिजली पोलों की शीघ्र शिफ्टिंग, सड़क किनारे अतिक्रमण हटाने, स्लैब की मजबूती सुनिश्चित करने और समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह सड़क केवल निर्माण नहीं, बल्कि शहर की पहचान और जनता की वर्षों पुरानी माँग है, जिसे धरातल पर उतारना प्रशासन की प्राथमिकता है।
गौरतलब है कि डीएम की पहल पर मिदनिया तिराहे से एसएसबी के आगे तक गढ़ी मार्ग के चौड़ीकरण, सुदृढ़ीकरण और नाली निर्माण का कार्य अवस्थापना विकास निधि और विकास शुल्क निधि से ₹1.94 करोड़ की लागत से कराया जा रहा है।
निरीक्षण में रहे मौजूद
लोक निर्माण विभाग (प्रांतीय खंड) के अधिशासी अभियंता तरुणेन्द्र त्रिपाठी, विद्युत एक्सईएन शैलेंद्र कुमार, नायब तहसीलदार अश्विनी कुमार, प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार सिंह समेत पूरी राजस्व और विभागीय टीम मौके पर मौजूद रही।
कुल मिलाकर, डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल की यह पहल आधुनिक, सुरक्षित और टिकाऊ सड़क निर्माण की दिशा में बड़ा कदम है, जो आने वाले समय में लखीमपुर खीरी के यातायात और शहरी सुविधाओं को नई पहचान देगा।
More Stories
युवराज अंबेडकर एजुकेशनल ट्रस्ट द्वारा भव्य ओपन माइक शो का आयोजन, युवा प्रतिभाओं ने बिखेरा हुनर का जलवा
होली पर्व को लेकर प्रशासन सतर्क अतर्रा कोतवाली में हुई पीस कमेटी की बैठक, जाम–सफाई–बिजली व्यवस्था पर हुई विस्तार से चर्चा
नेशनल हाईवे-35 पर भीषण हादसा: कार-बाइक की आमने-सामने टक्कर, तीन गंभीर