जनहित में सख्ती की मिसाल: मेमोरियल हाल रोड पर डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल का औचक छापा, घटिया निर्माण पर कड़ा प्रहार
लखीमपुर खीरी, 13 दिसंबर।
नगर पालिका परिषद लखीमपुर क्षेत्र में निर्माणाधीन मेमोरियल हाल रोड शनिवार को उस वक्त सुर्खियों में आ गई, जब जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल ने अचानक मौके पर पहुँचकर औचक निरीक्षण किया। यह निरीक्षण न सिर्फ औपचारिक था, बल्कि जनहित और गुणवत्ता के प्रति प्रशासन की जीरो टॉलरेंस नीति का सशक्त संदेश भी दे गया।
सड़क की हालत देखते ही डीएम का रुख सख्त हो गया। जगह-जगह उखड़ती बजड़ी, कमजोर सतह और घटिया निर्माण ने मानकों की पोल खोल दी। डीएम ने बिना देरी किए अवर अभियंता नगर पालिका को मौके पर ही फटकार लगाई और दो-टूक शब्दों में स्पष्ट कर दिया कि जब तक गुणवत्ता मानकों पर खरी नहीं उतरती, एक भी पैसा जारी नहीं होगा। शिथिल पर्यवेक्षण को गंभीर लापरवाही मानते हुए ईओ का वेतन बाधित करने के निर्देश भी जारी किए गए।

डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने निरीक्षण को महज टिप्पणी तक सीमित नहीं रखा, बल्कि तत्काल कार्रवाई कराई। उन्होंने मौके पर चूना मंगवाकर सड़क के उन हिस्सों का चिन्हांकन कराया, जहाँ बजड़ी उखड़ रही थी। इसके साथ ही लोक निर्माण विभाग को आज ही सैंपल लेने और 7वें व 14वें दिन दोबारा सैंपल जांच के सख्त आदेश दिए, ताकि किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता न हो सके।
निरीक्षण के दौरान बाइट्स एंड बियॉन्ड के सामने नाली पर हुए अतिक्रमण पर भी डीएम ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने निर्देश दिए कि नाली तत्काल खाली कराई जाए, पूरी तरह साफ-सुथरी रहे और पानी के प्रवाह में कोई बाधा न हो। खास तौर पर अंबेडकर तिराहे पर बार-बार होने वाले जलभराव को लेकर डीएम ने स्थायी समाधान के निर्देश दिए और कहा कि भविष्य में यहां जलभराव किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं होगा।
डीएम के निर्देश मिलते ही प्रशासन हरकत में आ गया। एसडीएम सदर अश्विनी कुमार सिंह, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता तरुणेन्द्र त्रिपाठी और उनकी टीम ने चिन्हित स्थानों से तत्काल सैंपल संग्रहित किए। पूरे घटनाक्रम में प्रशासनिक अमले की सक्रियता यह दर्शाती रही कि जिलाधिकारी के नेतृत्व में लखीमपुर प्रशासन जनता के धन और सुविधाओं की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
कुल मिलाकर, डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल का यह औचक निरीक्षण घटिया निर्माण के खिलाफ कड़ा संदेश, जवाबदेही की मजबूती और जनहित को सर्वोपरि रखने वाली प्रशासनिक कार्यशैली की मिसाल बनकर सामने आया है। आमजन में इस कार्रवाई को लेकर प्रशासन की सराहना हो रही है और उम्मीद जताई जा रही है कि ऐसे सख्त कदमों से शहर को टिकाऊ और गुणवत्तापूर्ण सड़कें मिलेंगी।
More Stories
युवराज अंबेडकर एजुकेशनल ट्रस्ट द्वारा भव्य ओपन माइक शो का आयोजन, युवा प्रतिभाओं ने बिखेरा हुनर का जलवा
होली पर्व को लेकर प्रशासन सतर्क अतर्रा कोतवाली में हुई पीस कमेटी की बैठक, जाम–सफाई–बिजली व्यवस्था पर हुई विस्तार से चर्चा
नेशनल हाईवे-35 पर भीषण हादसा: कार-बाइक की आमने-सामने टक्कर, तीन गंभीर