March 2, 2026

स्वदेशी मेला के प्रचार को मिली रफ्तार गांव-गांव पहुंचेगा स्वदेशी का संदेश, प्रचार रथ किया गया रवाना

Share करें

स्वदेशी मेला के प्रचार को मिली रफ्तार
गांव-गांव पहुंचेगा स्वदेशी का संदेश, प्रचार रथ किया गया रवाना

हरदा से ब्यूरो चीफ: गोपाल शुक्ला

हरदा।
आत्मनिर्भर भारत और स्वदेशी उत्पादों के प्रचार-प्रसार को नई गति देने के उद्देश्य से 4 जनवरी से 13 जनवरी तक मिडिल स्कूल ग्राउंड, हरदा में आयोजित होने जा रहे स्वदेशी मेला के लिए आज भव्य प्रचार रथ को विवेकानंद कॉम्प्लेक्स परिसर से रवाना किया गया। प्रचार रथ को प्रांतीय अधिकारी रविलाल पटेल ने हरी झंडी दिखाकर नगर व गांव-गांव के लिए प्रस्थान कराया।

उल्लेखनीय है कि स्वर्णिम भारत फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित यह स्वदेशी मेला “नो प्रॉफिट, नो लॉस” की भावना के साथ स्थानीय व्यापारियों और कारीगरों को अपने स्वदेशी उत्पादों के व्यापक विपणन का अवसर प्रदान करता है। फाउंडेशन का उद्देश्य है कि स्थानीय और विशिष्ट स्वदेशी उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिले, जिससे न केवल व्यापारियों की उन्नति हो बल्कि राष्ट्र की आर्थिक प्रगति में भी योगदान सुनिश्चित हो।

हरदा का स्वदेशी मेला गत वर्ष राष्ट्रीय स्तर पर सराहना और पहचान हासिल कर चुका है। इस वर्ष भी मेले में स्थानीय से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के कलाकारों द्वारा राष्ट्रभक्ति और अध्यात्म से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां होंगी। इसके साथ ही स्वास्थ्य परीक्षण एवं नेत्र शिविर जैसी जनकल्याणकारी गतिविधियों का आयोजन भी स्वदेशी जागरण मंच द्वारा किया जाएगा।

प्रचार रथ के माध्यम से इन सभी गतिविधियों की जानकारी नगर के साथ-साथ दूर-दराज के गांवों तक पहुंचाई जाएगी, ताकि अधिक से अधिक लोग स्वदेशी मेला से जुड़ सकें।

इस अवसर पर मेला पालक बनवारी लाल यादव, विस्तारक अरुण मालवीय, विशेष सक्रिय सदस्य ओम प्रकाश राठौर, महेंद्र पटेल तथा स्वदेशी मेला सह संयोजक डॉ. एल.एन. पाराशर विशेष रूप से उपस्थित रहे।

स्वदेशी मेला न केवल व्यापार और संस्कृति का संगम बनेगा, बल्कि स्वदेशी अपनाओ—देश बढ़ाओ के संकल्प को भी जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम सिद्ध होगा।

About The Author