8.65 करोड़ की लागत से बने नए सिविल अस्पताल भवन का पूर्व मंत्री दत्तीगांव ने किया निरीक्षण
कमियां जल्द दूर होंगी, लोकार्पण की तैयारी तेज
संवाददाता: निलेश मालवीय | बदनावर
बदनावर।
करीब 8 करोड़ 65 लाख 79 हजार रुपये की लागत से तैयार हुए बदनावर सिविल अस्पताल के नए भवन का पूर्व कैबिनेट मंत्री राजवर्धन सिंह दत्तीगांव ने गहन अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान भवन में पाई गई कमियों को शीघ्र दूर करने के निर्देश ठेकेदार और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को दिए गए, ताकि जल्द से जल्द भवन का लोकार्पण कर आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
पूर्व मंत्री दत्तीगांव ने अस्पताल पहुंचकर निर्माण कार्यों की बारीकी से समीक्षा की। इस दौरान अस्पताल के डॉ. अभिषेक गिरवाल ने उन्हें नए भवन के विभिन्न कक्षों, सुविधाओं और व्यवस्थाओं की जानकारी दी। दत्तीगांव ने ऑक्सीजन लाइन, सीवरेज सिस्टम, फायर सेफ्टी लाइन, शौचालय, पेयजल व्यवस्था सहित अन्य तकनीकी पहलुओं का निरीक्षण कर कमियों पर नाराजगी जताई और उन्हें तत्काल सुधारने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने ड्रेनेज सिस्टम की सफाई, रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम की स्थापना, नया बोरवेल लगाने और उखड़ रहे फर्श को दुरुस्त करने जैसे आवश्यक कार्य शीघ्र कराने के निर्देश ठेकेदार को दिए।
डायलिसिस सेंटर और ऑक्सीजन प्लांट का भी किया निरीक्षण
नए भवन के अवलोकन के बाद पूर्व मंत्री दत्तीगांव ने पुराने भवन में संचालित डायलिसिस सेंटर का भी निरीक्षण किया। वहां मौजूद ऑपरेटर ने बताया कि प्रतिदिन 6 से अधिक डायलिसिस की जा रही हैं। दत्तीगांव ने निर्देश दिए कि स्थानीय मरीजों को प्राथमिकता के साथ बेहतर सुविधाएं मिलनी चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने ऑक्सीजन प्लांट और आईसीयू रूम का भी निरीक्षण किया।
बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रेमचंद परमार व सुनील मोदी, नगर मंडल अध्यक्ष मनीष गुर्जर, नगर परिषद उपाध्यक्ष राजेन्द्र सिंह पंवार, वरिष्ठ भाजपा नेता मोहन सिंह चौहान, जिला सह मीडिया प्रभारी मनोज कवि, पार्षद जितेंद्र शर्मा, संतोष राव, संतोष चौहान, जहांगीर लाला, सुखराम देवड़ा, भूपेंद्र सिंह मस्ताना, पंकज ठाकुर, कपिल नाहर, अंसुमन जोशी, पवन चालवा, गणेश नागरु सहित अनेक जनप्रतिनिधि व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
जल्द होगा लोकार्पण
चर्चा के दौरान पूर्व मंत्री दत्तीगांव ने कहा कि भवन निर्माण में जो भी कमियां सामने आई हैं, उन्हें शीघ्र दूर कराया जाएगा और उसके बाद नए सिविल अस्पताल भवन का लोकार्पण जल्द किया जाएगा। साथ ही उन्होंने बदनावर सिविल अस्पताल के अलावा कानवन और कोद के अस्पतालों में भी पर्याप्त डॉक्टरों और स्टाफ की नियुक्ति को लेकर स्वास्थ्य मंत्री और केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर से चर्चा किए जाने की जानकारी दी।
यह जानकारी भाजपा जिला सह मीडिया प्रभारी मनोज सोलंकी कवि द्वारा दी गई।
More Stories
युवराज अंबेडकर एजुकेशनल ट्रस्ट द्वारा भव्य ओपन माइक शो का आयोजन, युवा प्रतिभाओं ने बिखेरा हुनर का जलवा
होली पर्व को लेकर प्रशासन सतर्क अतर्रा कोतवाली में हुई पीस कमेटी की बैठक, जाम–सफाई–बिजली व्यवस्था पर हुई विस्तार से चर्चा
नेशनल हाईवे-35 पर भीषण हादसा: कार-बाइक की आमने-सामने टक्कर, तीन गंभीर