March 1, 2026

ब्राह्मण समाज द्वारा हनुमंत शक्ति जागरण 31 दिसंबर को

Share करें

ब्राह्मण समाज द्वारा हनुमंत शक्ति जागरण 31 दिसंबर को

हरदा, ब्यूरो चीफ गोपाल शुक्ला

हरदा – ब्राह्मण समाज हरदा की ओर से एक विशेष प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन आज निजी होटल में किया गया, जिसमें आगामी हनुमंत शक्ति जागरण कार्यक्रम की जानकारी दी गई। इस कार्यक्रम के तहत हरदा नगर के सभी नागरिकों से अपील की गई है कि वे 31 दिसंबर की शाम 7:00 बजे हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ करें।

ब्राह्मण समाज हरदा के संस्थापक अध्यक्ष रजनीश शर्मा ने बताया कि पिछले तीन वर्षों से इस आयोजन का लक्ष्य पाश्चात्य संस्कृति से युवाओं को बचाना और उन्हें सकारात्मक दिशा में मार्गदर्शन देना है। उन्होंने बताया कि आजकल युवा पार्टी संस्कृति, नशे और हुड़दंग के आदी हो रहे हैं। ऐसे में यह हनुमान चालीसा महापाठ आयोजन एक प्रयास है, जिससे समाज में जागरूकता बढ़ सके और युवा वर्ग नशे से दूर रहे। उन्होंने बताया कि यह आयोजन अब व्यापक रूप ले चुका है और समाज के हर वर्ग से इसकी सराहना मिल रही है।

आचार्य पंडित प्रफुल्ल दुबे ने भी अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा, “युवाओं में ऊर्जा वायु के समान होती है। यदि उन्हें सही दिशा मिलती है, तो वे किसी भी कार्य को पूरी शक्ति और उत्साह के साथ कर सकते हैं। हनुमान जी का प्रभाव आज भी चारों युगों में है, और उनका आशीर्वाद समाज के हर व्यक्ति को मिले, इसके लिए हम सभी एकजुट होकर 31 दिसंबर को हनुमान चालीसा का पाठ करेंगे।”

यह आयोजन हरदा के विभिन्न मंदिरों में आयोजित किया जाएगा, और इस दौरान सभी भक्त हनुमान जी की कृपा प्राप्त करने के लिए उपस्थित रहेंगे।

कार्यक्रम में ब्राह्मण समाज हरदा के सचिव उदय बेलापुरकर, कोषाध्यक्ष राकेश जोशी, मीडिया प्रभारी गोपाल शुक्ला और निलेश शुक्ला सहित समाज के अन्य सदस्य भी मौजूद थे।

इस आयोजन का उद्देश्य न सिर्फ युवा पीढ़ी को नशे से बचाना है, बल्कि सनातन संस्कृति के प्रति श्रद्धा और प्रेम को भी बढ़ावा देना है।

About The Author