मुक्तिधाम मार्ग के बहुरेंगे दिन
डीएम ने किया स्थलीय निरीक्षण, एस्टीमेट बनाकर शीघ्र निर्माण के निर्देश
लखीमपुर खीरी। शहरवासियों की वर्षों पुरानी बहुप्रतीक्षित मांग अब पूरी होती नजर आ रही है। शहर से मुक्तिधाम को जोड़ने वाली जर्जर सड़क के निर्माण को लेकर प्रशासन हरकत में आ गया है। शनिवार को जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल ने अफसरों की टीम के साथ सड़क का स्थलीय निरीक्षण कर स्थिति की हकीकत परखी।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने सड़क की बदहाल स्थिति, अतिक्रमण, चौड़ाई और तकनीकी आवश्यकताओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण से जुड़ी सभी औपचारिकताएं शीघ्र पूर्ण कर एस्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए। डीएम ने स्पष्ट किया कि यह मार्ग व्यापक जनहित से जुड़ा है और इसके निर्माण से महेवागंज–मेला मैदान–इमली चौराहा मार्ग पर पड़ने वाला भारी ट्रैफिक दबाव काफी हद तक कम होगा। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा।
डीएम ने एसडीएम सदर के नेतृत्व में पीडब्ल्यूडी, जिला पंचायत और अन्य निर्माण इकाइयों को निर्देश दिए कि जर्जर हिस्सों की नाप कराकर शीघ्र एस्टीमेट तैयार करें, ताकि आवश्यक धनराशि की व्यवस्था कर निर्माण कार्य शुरू कराया जा सके।
गौरतलब है कि यह मार्ग निघासन और पलिया मार्ग को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। इसी सड़क पर मुक्तिधाम स्थित होने के कारण नागरिकों को लंबे समय से आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
निर्माणाधीन सड़क का भी डीएम ने किया निरीक्षण
पोल शिफ्टिंग में देरी पर सख्ती, इंटरलॉकिंग समय से कराने के निर्देश
निरीक्षण के क्रम में डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने मिदनियां तिराहे से एसएसबी के आगे तक निर्माणाधीन सड़क के चौड़ीकरण, सुदृढ़ीकरण एवं नाली निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा की। मौके पर विद्युत पोल शिफ्टिंग में हो रही देरी पर डीएम ने नाराजगी जताई।
उन्होंने अधिशासी अभियंता विद्युत शैलेंद्र कुमार को निर्देश दिए कि वे स्वयं मॉनिटरिंग कर पोल शिफ्टिंग का कार्य शीघ्र पूरा कराएं। साथ ही, जिला पंचायत के अधिकारियों को इंटरलॉकिंग कार्य समयबद्ध और गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम सदर अश्विनी कुमार सिंह, ईओ संजय कुमार, पीडब्ल्यूडी, जिला पंचायत के अभियंता तथा राजस्व विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
👉 प्रशासन की इस सक्रिय पहल से शहरवासियों को जल्द ही बेहतर, सुरक्षित और सुगम आवागमन की सौगात मिलने की उम्मीद जगी है।
More Stories
युवराज अंबेडकर एजुकेशनल ट्रस्ट द्वारा भव्य ओपन माइक शो का आयोजन, युवा प्रतिभाओं ने बिखेरा हुनर का जलवा
होली पर्व को लेकर प्रशासन सतर्क अतर्रा कोतवाली में हुई पीस कमेटी की बैठक, जाम–सफाई–बिजली व्यवस्था पर हुई विस्तार से चर्चा
नेशनल हाईवे-35 पर भीषण हादसा: कार-बाइक की आमने-सामने टक्कर, तीन गंभीर