शौर्य, शक्ति और संस्कृति का संगम: अतर्रा में भव्य दंगल, पहलवानों के दांव-पेंच पर झूम उठा जनसैलाब
अतर्रा (बाँदा)।
अतर्रा नगर शनिवार को खेल, परंपरा और उत्साह के अद्भुत संगम का गवाह बना, जब बाँदा रोड स्थित रामा देवी मार्केट मैदान में विशाल दंगल प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। नगर पालिका अध्यक्ष संगीता वेद निराला की अध्यक्षता में आयोजित इस दंगल में देश के कोने-कोने से आए नामचीन पहलवानों ने अपनी ताकत और तकनीक का बेहतरीन प्रदर्शन किया।
दंगल प्रतियोगिता में हर मुकाबला रोमांच से भरपूर रहा। दर्शक दीर्घा तालियों, सीटी और जयकारों से गूंजती रही। प्रमुख मुकाबलों में अशोक पहलवान ने हरियाणा के रवि पहलवान को पटखनी देकर जीत हासिल की। हरिकेश पहलवान (मथुरा) और मुन्ना पहलवान (मेरठ) के बीच मुकाबला भी बेहद संघर्षपूर्ण रहा, जिसमें हरिकेश पहलवान विजयी रहे।
रविदास पहलवान (अयोध्या) ने अखिलेश पहलवान (उन्नाव) को हराकर अपनी मजबूत दावेदारी पेश की। वहीं स्थानीय पहलवान विवेक (बांदा) ने मध्य प्रदेश से आए पहलवान को पराजित कर स्थानीय दर्शकों का उत्साह दोगुना कर दिया।
दंगल का सबसे बड़ा आकर्षण दीपू पहलवान (हरियाणा) और बांदा के पहलवान के बीच हुआ मुकाबला रहा। दोनों पहलवानों ने एक-दूसरे पर जबरदस्त दांव आजमाए, जिसे देखकर दर्शक रोमांचित हो उठे। यह मुकाबला देर तक चर्चा का विषय बना रहा।
इस आयोजन ने क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बना दिया। दूर-दराज के गांवों से आए लोग पूरे परिवार के साथ दंगल देखने पहुंचे। पारंपरिक अखाड़े की मिट्टी, ढोल-नगाड़ों की गूंज और पहलवानों की गर्जना ने माहौल को ऐतिहासिक बना दिया।
कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि राजकिशोर बाजपेई, पूर्व मंडल अध्यक्ष वेद निराला, मंडल अध्यक्ष ज्ञान प्रताप सिंह, सभासदगण अमन गुप्ता, पप्पू सोनकर, नीरज गुप्ता, अनुराधा गुप्ता, सरिता गुप्ता, भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष संतोष सविता सहित अनेक जनप्रतिनिधि व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
साथ ही ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन तहसील अध्यक्ष अवधेश शिवहरे की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।
अतर्रा पुलिस प्रशासन की सतर्कता और व्यवस्था के चलते दंगल प्रतियोगिता शांतिपूर्वक संपन्न हुई। यह आयोजन न केवल खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने वाला रहा, बल्कि अतर्रा की सांस्कृतिक पहचान को भी मजबूती प्रदान करने वाला सिद्ध हुआ।
More Stories
युवराज अंबेडकर एजुकेशनल ट्रस्ट द्वारा भव्य ओपन माइक शो का आयोजन, युवा प्रतिभाओं ने बिखेरा हुनर का जलवा
होली पर्व को लेकर प्रशासन सतर्क अतर्रा कोतवाली में हुई पीस कमेटी की बैठक, जाम–सफाई–बिजली व्यवस्था पर हुई विस्तार से चर्चा
नेशनल हाईवे-35 पर भीषण हादसा: कार-बाइक की आमने-सामने टक्कर, तीन गंभीर