प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बेचते युवक को पुलिस ने रंगे हाथ पकड़ा
संवाददाता निलेश मालवीय
बदनावर। जिले में प्रतिबंधित चाइनीज मांझा की अवैध बिक्री पर पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए शनिवार शाम एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। मंडी बायपास रोड स्थित एक ऑनलाइन डिस्पोजल सेंटर पर छापेमारी कर पुलिस ने चाइनीज मांझा बेचते हुए एक युवक को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपी की पहचान नारायण पिता अमरसिंह मकवाना, निवासी ग्राम नेपावली, थाना राजोद के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके से चाइनीज मांझे के तीन सीलबंद बंडल भी बरामद किए हैं।
थाना प्रभारी अमितसिंह कुशवाह को गुप्त सूचना मिली थी कि मंडी बायपास रोड स्थित एक दुकान से प्रतिबंधित चाइनीज मांझा चोरी-छुपे बेचा जा रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने तुरंत एक पुलिस टीम का गठन किया और बताए गए स्थान पर दबिश देने के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से दुकान पर पहुंचकर तलाशी ली, जहां आरोपी चाइनीज मांझा बेचते हुए पाया गया। पूछताछ में आरोपी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
गौरतलब है कि जिला प्रशासन द्वारा पहले ही चाइनीज मांझा की बिक्री, भंडारण और उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। इसके बावजूद कुछ दुकानदार अधिक मुनाफे के लालच में चोरी-छुपे इस खतरनाक धागे की बिक्री कर रहे हैं। चाइनीज मांझा न केवल पक्षियों के लिए घातक है, बल्कि दोपहिया वाहन चालकों और राहगीरों के लिए भी जानलेवा साबित हो रहा है। पिछले कुछ समय में नगर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में चाइनीज मांझा से गला कटने और घायल होने की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी लंबे समय से इस अवैध कारोबार में संलिप्त था और स्थानीय स्तर पर महंगे दामों पर चाइनीज मांझा बेच रहा था। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि इस अवैध धंधे में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा इसकी सप्लाई कहां से की जा रही थी। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने इस कार्रवाई के साथ ही नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में चाइनीज मांझा की अवैध बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए व्यापक तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। दुकानदारों को सख्त चेतावनी दी गई है कि यदि कोई भी व्यक्ति प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बेचते या भंडारित करते पाया गया, तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि आमजन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ऐसे अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।
इस पूरी कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक सुरेश सिंह कुशवाह, प्रधान आरक्षक योगेश शर्मा, आरक्षक सचिन जाट, धर्मेंद्र राजावत, हरिमोहन त्यागी एवं विवेक दुबे की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं भी चाइनीज मांझा की बिक्री या उपयोग की जानकारी मिले, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
More Stories
युवराज अंबेडकर एजुकेशनल ट्रस्ट द्वारा भव्य ओपन माइक शो का आयोजन, युवा प्रतिभाओं ने बिखेरा हुनर का जलवा
होली पर्व को लेकर प्रशासन सतर्क अतर्रा कोतवाली में हुई पीस कमेटी की बैठक, जाम–सफाई–बिजली व्यवस्था पर हुई विस्तार से चर्चा
नेशनल हाईवे-35 पर भीषण हादसा: कार-बाइक की आमने-सामने टक्कर, तीन गंभीर