March 2, 2026

बदनावर को अपनी कर्मभूमि बनाकर रखा, सेवा में कोई कमी नहीं आने दूंगा – पूर्व मंत्री राजवर्धन सिंह दत्तीगांव

Share करें

बदनावर को अपनी कर्मभूमि बनाकर रखा, सेवा में कोई कमी नहीं आने दूंगा – पूर्व मंत्री राजवर्धन सिंह दत्तीगांव

संवाददाता: निलेश मालवीय
बदनावर।

पूर्व उद्योग मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता राजवर्धन सिंह दत्तीगांव का जन्मदिन शनिवार को बदनावर क्षेत्र में भव्य और ऐतिहासिक रूप से मनाया गया। इस अवसर पर हजारों की संख्या में कार्यकर्ता, समर्थक और आमजन कार्यक्रमों में शामिल हुए। जन्मदिन का आयोजन सुबह से लेकर देर रात करीब 12 बजे तक विभिन्न स्थानों पर लगातार चलता रहा, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल बना रहा।

दत्तीगांव ने अपने जन्मदिन की शुरुआत सुबह अपने गृहग्राम संदला से की, जहां उन्होंने क्षेत्रवासियों से भेंट कर शुभकामनाएं स्वीकार कीं। इसके पश्चात वे ढोकलियापाड़ा पहुंचे, जहां स्कूली बच्चों को मिठाइयां वितरित कर सेवा कार्य किया। इसके बाद काफिले के साथ बदनावर पहुंचे और गणेश श्यामशाला परिसर में भगवान गणेश के दर्शन कर कुश्ती कक्ष का फीता काटकर शुभारंभ किया।

इसके बाद शासकीय महाविद्यालय में भी जन्मदिन मनाया गया। यहां से उनका काफिला नगर के प्रमुख मार्गों और चौराहों से होकर गुजरा। शीतला माता बस स्टैंड, भेरूउखलिया, दुर्गा चौक, रावतसेरी, सोमेश्वर चौराहा, पिपलेश्वर मंदिर, अंबेडकर चौराहा, नगर परिषद, बस स्टैंड और भट्ट कॉलोनी के सामने लगे स्वागत मंचों पर कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने केक काटकर उनका अभिनंदन किया।

दत्तीगांव ने इसके पश्चात श्री बैजनाथ महादेव मंदिर पहुंचकर भोलेनाथ के दर्शन किए। यहां से वे जनपद पंचायत कार्यालय पहुंचे, जहां सचिव, सहायक सचिव एवं जनपद कर्मचारियों ने ढोल-ढमाकों के साथ उनका भव्य स्वागत किया। इसके बाद वे बड़ी चौपाटी स्थित महाराणा प्रताप प्रतिमा स्थल पहुंचे और वहां माल्यार्पण किया।

इसके पश्चात पिटगारा, घटगारा, बोराली, टोल प्लाजा, रिटोडी, अमोदिया फाटा होते हुए बदनावर से कानवन तक जगह-जगह स्वागत मंच लगाए गए थे। कानवन चौपाटी पर हाथों में तख्तियां लिए खड़े युवाओं की टोली ने डीजे और ढोल-ताशों के साथ उनका जोरदार स्वागत किया।

जन्मोत्सव का मुख्य कार्यक्रम कानवन स्थित शिव वाटिका में आयोजित किया गया, जहां दत्तीगांव शाम करीब सात बजे पहुंचे। भाजपा जिला उपाध्यक्ष सुनील मोदी, मनीष जैन, मौनु जैन सहित अन्य नेताओं ने उनकी आगवानी की। हजारों की संख्या में उपस्थित जनसमूह के बीच केक काटकर जन्मदिन मनाया गया।

इस अवसर पर दत्तीगांव ने सभी सहयोगियों, कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बदनावर उनके लिए केवल एक क्षेत्र नहीं बल्कि कर्मभूमि है। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र उनके पिता स्व. प्रेमसिंह दत्तीगांव की कर्मस्थली रही है, जिन्होंने सिद्धांतों और मूल्यों की राजनीति की। पिता की दी गई सीख उनके लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगी। उन्होंने कहा कि बदनावर को अपनी कर्मभूमि बनाकर रखा है और यहां की सेवा में कोई कमी नहीं आने देंगे।

उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार गरीब कल्याण और विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति की सेवा करना ही सच्चा मानव धर्म है। जन्मदिन जैसे व्यक्तिगत अवसरों को सामाजिक सरोकारों से जोड़ना आत्मिक संतोष देता है और समाज में सकारात्मक संदेश भी पहुंचाता है।

कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर, भाजपा जिलाध्यक्ष महंत निलेश भारती, ग्रामीण जिलाध्यक्ष चंचल पाटीदार, भाजपा प्रदेश मंत्री जयदीप पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष सरदार सिंह मेड़ा, नगर परिषद अध्यक्ष मीना यादव, पूर्व राज्यमंत्री महेंद्र सिंह पिपलीपाड़ा सहित जिलेभर के अनेक जनप्रतिनिधि, भाजपा नेता, कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे।

जन्मदिन समारोह में एक विशेष आकर्षण अमझेरा निवासी राहुल सिंह का रहा, जिन्होंने दत्तीगांव को जन्मदिन की बधाई देने के लिए 48 किलोमीटर की दूरी पैदल दौड़कर तय की। राहुल ने करीब 4 घंटे 28 मिनट में यह दूरी पूरी की। कार्यक्रम स्थल पहुंचने पर दत्तीगांव ने युवा का अभिनंदन किया, जिस पर पूरे पांडाल में तालियों की गड़गड़ाहट गूंज उठी।

जन्मदिन को लेकर पूरे नगर में उत्साह का माहौल रहा। बदनावर नगर से लेकर कानवन तक पूरे मार्ग पर बधाई संदेशों वाले फ्लेक्स और होर्डिंग्स लगाए गए थे, जिससे पूरा मार्ग दत्तीगांव के जन्मोत्सव के रंग में रंगा नजर आया।

About The Author