March 2, 2026

टीजीटी परीक्षा को लेकर कलेक्ट्रेट में डीएम–एसपी ने की कड़ी समीक्षा, नकलविहीन व शांतिपूर्ण आयोजन के दिए सख्त निर्देश

Share करें

टीजीटी परीक्षा को लेकर कलेक्ट्रेट में डीएम–एसपी ने की कड़ी समीक्षा, नकलविहीन व शांतिपूर्ण आयोजन के दिए सख्त निर्देश

लखीमपुर खीरी।
जनपद में 17 जनवरी को आयोजित होने वाली टीजीटी (प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक) परीक्षा को नकलविहीन, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। इसी क्रम में मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित अटल सभागार में जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल ने पुलिस अधीक्षक संकल्प शर्मा के साथ परीक्षा व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को सख्त व स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल ने कहा कि परीक्षा से जुड़ी जिम्मेदारी अत्यंत संवेदनशील है और इसमें किसी भी स्तर पर की गई छोटी से छोटी चूक भी अक्षम्य होगी। उन्होंने स्टैटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक एवं सह केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए कि परीक्षा से पूर्व सभी व्यवस्थाओं की भली-भांति जांच कर लें। डीएम ने स्पष्ट किया कि प्रत्येक परीक्षा कक्ष में सीसीटीवी कैमरे सक्रिय रहें, अभ्यर्थियों की सघन तलाशी सुनिश्चित की जाए तथा सीटिंग प्लान के अनुसार ही अभ्यर्थियों को बैठाया जाए।

पूर्वाभ्यास और गाइडलाइन का पालन अनिवार्य : डीएम

डीएम ने अधिकारियों से कहा कि परीक्षा से संबंधित आयोग की गाइडलाइन को भली-भांति पढ़कर समझ लें, ताकि किसी भी प्रकार की त्रुटि की संभावना शून्य रहे। उन्होंने कहा कि प्रत्येक अभ्यर्थी की पहचान पत्र (आईडी) की जांच अनिवार्य रूप से की जाए। परीक्षा नियमों का एक भी उल्लंघन पूरी प्रक्रिया को संदेह के घेरे में ला सकता है। सभी अधिकारी पूर्वाभ्यास के तौर पर परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करें और किसी भी कमी को समय रहते दूर करें। परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

पुलिस रहेगी पूरी तरह मुस्तैद : एसपी

पुलिस अधीक्षक संकल्प शर्मा ने कहा कि परीक्षा के दौरान पुलिस बल पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद रहेगा। स्पेशल सेल को सक्रिय कर दिया गया है और प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाएगी।

दो पालियों में होगी परीक्षा, 10,080 अभ्यर्थी होंगे शामिल

टीजीटी प्रारंभिक परीक्षा 17 जनवरी को दो पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली सुबह 9 बजे से 11 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से 5 बजे तक होगी। जनपद में कुल 25 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। पहली पाली में 14 केंद्रों पर 5472 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे, जबकि दूसरी पाली में 11 केंद्रों पर 4608 अभ्यर्थी शामिल होंगे। इस प्रकार कुल 10,080 अभ्यर्थियों की परीक्षा होगी, जिन पर प्रशासन की कड़ी निगरानी रहेगी।

अधिकारियों को पढ़ाया गया ‘परीक्षा का पाठ’

बैठक की शुरुआत में अपर जिलाधिकारी नरेंद्र बहादुर सिंह एवं अनिल कुमार रस्तोगी ने परीक्षा की रूपरेखा, समय-सारणी तथा आयोग के निर्देशों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने अधिकारियों को उनके दायित्वों से अवगत कराते हुए आयोग के निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। वहीं आयोग द्वारा नामित समन्वयी पर्यवेक्षक अजित कटियार ने परीक्षा से जुड़ी तकनीकी बारीकियों और प्रक्रिया संबंधी दिशा-निर्देश साझा किए तथा उपस्थित अधिकारियों के प्रश्नों का समाधान किया।

बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक विनोद कुमार मिश्र सहित सभी सेक्टर व स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन की इस सख्ती से स्पष्ट है कि टीजीटी परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।

About The Author