सीडीओ ने निर्माणाधीन मेला मैदान–मिदनियां आरसीसी सड़क का किया निरीक्षण, अतिक्रमण से निजात व सुगम यातायात पर दिया जोर
लखीमपुर खीरी।
मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) श्री अभिषेक कुमार ने एसडीएम सदर के साथ मेला मैदान से मिदनियां तक निर्माणाधीन आरसीसी सड़क का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सड़क के मध्य स्थित विद्युत खंभों एवं ट्रांसफार्मर को सड़क किनारे स्थानांतरित किए जाने की स्थिति का भी अवलोकन किया गया।
सीडीओ ने अधिशासी अभियंता, विद्युत को निर्देशित किया कि सड़क के बीच आ रहे सभी विद्युत पोलों एवं ट्रांसफार्मर को आगामी दो दिनों के भीतर सड़क के किनारे शिफ्ट कराया जाए, ताकि सड़क निर्माण कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए और भविष्य में यातायात सुरक्षा भी सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण तथा मानकों के अनुरूप पूरा किया जाए, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के उपरांत सीडीओ ने मेला मैदान चौराहे से मिदनियां की ओर जाने वाली सड़क पर यातायात व्यवस्था और अतिक्रमण की स्थिति का मौके पर आकलन किया। उन्होंने पाया कि सड़क किनारे दुकानों के बाहर रखा गया सामान और अस्थायी अतिक्रमण जाम का प्रमुख कारण बन रहा है। इस पर गंभीर रुख अपनाते हुए सीडीओ ने एसडीएम सदर तथा नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को निर्देश दिए कि सड़क और दुकानों के बाहर किए गए अतिक्रमण को तत्काल हटवाने की कार्रवाई की जाए।
सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों से कहा कि दुकानदारों को पहले स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने के लिए नोटिस जारी किए जाएं, ताकि जनहित में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाया जा सके। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया में आमजन को अनावश्यक परेशानी न हो, लेकिन यातायात बाधित करने वालों पर सख्ती बरती जाए।
मौके पर मौजूद दुकानदारों से सीडीओ ने सीधे संवाद कर अपील की कि वे सड़क पर सामान न रखें और स्वयं आगे बढ़कर अतिक्रमण हटाएं। उन्होंने कहा कि यह सड़क क्षेत्र की प्रमुख सड़कों में से एक है और आरसीसी सड़क के निर्माण के बाद यातायात परिदृश्य में बड़ा बदलाव आएगा, जिससे जाम की समस्या से स्थायी राहत मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान सीडीओ के साथ एसडीएम सदर श्री अश्वनी सिंह, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी श्री अरविंद कुमार वर्मा, अधिशासी अभियंता विद्युत सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रशासन की इस पहल से स्थानीय नागरिकों में उम्मीद जगी है कि मेला मैदान से मिदनियां तक बन रही आरसीसी सड़क न केवल आवागमन को सुगम बनाएगी, बल्कि अतिक्रमण की समस्या से भी निजात दिलाएगी।
More Stories
युवराज अंबेडकर एजुकेशनल ट्रस्ट द्वारा भव्य ओपन माइक शो का आयोजन, युवा प्रतिभाओं ने बिखेरा हुनर का जलवा
होली पर्व को लेकर प्रशासन सतर्क अतर्रा कोतवाली में हुई पीस कमेटी की बैठक, जाम–सफाई–बिजली व्यवस्था पर हुई विस्तार से चर्चा
नेशनल हाईवे-35 पर भीषण हादसा: कार-बाइक की आमने-सामने टक्कर, तीन गंभीर