उपजिलाधिकारी राहुल द्विवेदी की अध्यक्षता में तहसील दिवस सम्पन्न, 49 शिकायतें प्राप्त, दो का मौके पर निस्तारण
अतर्रा (बांदा)।
शनिवार को तहसील सभागार अतर्रा में उपजिलाधिकारी राहुल द्विवेदी की अध्यक्षता में तहसील समाधान दिवस का आयोजन किया गया। समाधान दिवस के दौरान क्षेत्र से आए फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया और संबंधित विभागों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए।
तहसील दिवस में कुल 49 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें सबसे अधिक 34 शिकायतें राजस्व विभाग से संबंधित रहीं। इन शिकायतों में भूमि विवाद, नामांतरण, पैमाइश एवं कब्जा संबंधी मामले प्रमुख रहे। उपजिलाधिकारी राहुल द्विवेदी ने राजस्व विभाग की दो शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर फरियादियों को तत्काल राहत प्रदान की।

इसके अलावा पुलिस विभाग से 6 शिकायती पत्र, स्वास्थ्य विभाग से 1 शिकायत तथा अन्य विभागों से कुल 8 शिकायतें दर्ज की गईं। सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उपजिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि लंबित मामलों का निस्तारण निर्धारित समय सीमा के भीतर किया जाए।
उपजिलाधिकारी राहुल द्विवेदी ने अधिकारियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का एक सप्ताह के भीतर निष्पक्ष, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम जनता को बार-बार तहसील के चक्कर न लगाने पड़ें।
उन्होंने कहा कि तहसील समाधान दिवस का मुख्य उद्देश्य जनता की समस्याओं को सीधे सुनकर उनका त्वरित समाधान करना है। अधिकारी संवेदनशीलता के साथ फरियादियों की बात सुनें और मौके पर जाकर समस्याओं का स्थायी समाधान करें।
तहसील दिवस के दौरान प्रशासनिक अमला पूरी तरह सक्रिय नजर आया। कार्यक्रम में प्रशांत तिवारी, राजेश कुमार पांडे, अनुराग शुक्ला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
समाधान दिवस में पहुंचे फरियादियों ने मौके पर समस्याएं सुने जाने और त्वरित कार्रवाई की पहल को सराहा। प्रशासन ने आश्वस्त किया कि जनता की समस्याओं का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा, जिससे शासन की मंशा के अनुरूप जनहित को मजबूती मिल सके।
More Stories
युवराज अंबेडकर एजुकेशनल ट्रस्ट द्वारा भव्य ओपन माइक शो का आयोजन, युवा प्रतिभाओं ने बिखेरा हुनर का जलवा
होली पर्व को लेकर प्रशासन सतर्क अतर्रा कोतवाली में हुई पीस कमेटी की बैठक, जाम–सफाई–बिजली व्यवस्था पर हुई विस्तार से चर्चा
नेशनल हाईवे-35 पर भीषण हादसा: कार-बाइक की आमने-सामने टक्कर, तीन गंभीर