अनुशासन, खेल भावना और सर्वांगीण विकास का उत्सव: काश्यप विद्यापीठ का 28वाँ वार्षिक खेलकूद समारोह हर्षोल्लास से सम्पन्न
संवाददाता: निलेश मालवीय | बदनावर
बदनावर स्थित काश्यप विद्यापीठ में 28वाँ वार्षिक खेलकूद समारोह उत्साह, अनुशासन और खेल भावना के रंगों में सराबोर होकर सम्पन्न हुआ। समारोह का उद्देश्य विद्यार्थियों में शारीरिक दक्षता के साथ आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास करना रहा।
मुख्य अतिथि नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती मीना शेखर यादव ने कहा कि अनुशासन, परिश्रम और सकारात्मक सोच विद्यार्थी जीवन की आधारशिला हैं। खेल न केवल शरीर को स्वस्थ रखते हैं, बल्कि व्यक्तित्व को भी निखारते हैं। उन्होंने विद्यालय द्वारा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
विशेष अतिथि अनुविभागीय दंडाधिकारी बदनावर श्रीमती प्रियंका मिमरोट ने अभिभावकों से बच्चों को खेल गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की मैनेजिंग ट्रस्टी श्रीमती नीता कश्यप ने की।
भव्य शुभारंभ और अनुशासित मार्च पास्ट
अतिथियों का स्वागत मैनेजिंग ट्रस्टी श्रीमती नीता कश्यप, काश्यप स्वीटनर्स के कार्यकारी निदेशक श्री राजीव गोरवाड़ा, प्राचार्य श्रीमती नंदा व्यास, समन्वयक श्री विपिन जैन, क्रीड़ा अधिकारी श्री ए. पी. भारद्वाज, क्रीड़ा शिक्षिका श्रीमती कीर्ति बैरागी तथा विद्यालय के हेड बॉय भवी गुगलिया व हेड गर्ल प्रियांशी पटेल द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया।
खेल मशाल प्रज्ज्वलन, ध्वजारोहण और रंग-बिरंगे गुब्बारों के साथ समारोह का शुभारंभ हुआ। इसके पश्चात ब्लू, ग्रीन, रेड और येलो हाउस के विद्यार्थियों ने आकर्षक और अनुशासित मार्च पास्ट प्रस्तुत कर समां बांध दिया।
खेल शपथ, सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ और रोमांचक प्रतियोगिताएँ
हेड बॉय व हेड गर्ल द्वारा खिलाड़ियों को शपथ दिलाई गई। संगीत आधारित पी.टी. और “वंदे मातरम्” नृत्य विशेष आकर्षण रहे। इसके बाद विभिन्न आयु वर्गों के लिए दौड़, कौशल आधारित, व्यक्तिगत एवं टीम इवेंट्स आयोजित किए गए। बॉल कलेक्शन, जंप एंड क्लैप, ज़िग-ज़ैग, गेट रेडी फॉर स्कूल, नंबर मैचिंग, सुई–धागा, मटका बैलेंसिंग जैसी प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने जोश और प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
पुरस्कार वितरण और हाउस सम्मान
विजेताओं को माननीय अतिथियों द्वारा पुरस्कार प्रदान किए गए। रिले रेस में बालक वर्ग में रेड हाउस और उपविजेता येलो हाउस रहा, जबकि बालिका वर्ग में रेड हाउस विजेता और ब्लू हाउस उपविजेता रहा। सत्र 2025–26 में अनुशासन एवं मार्च पास्ट के लिए ग्रीन हाउस को विशेष पुरस्कार प्रदान किया गया।
गरिमामय समापन
ध्वज अवतरण के पश्चात क्रीड़ा अधिकारी श्री ए. पी. भारद्वाज ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। बड़ी संख्या में उपस्थित अभिभावकों, गणमान्य नागरिकों और पत्रकार बंधुओं की मौजूदगी ने आयोजन की गरिमा बढ़ाई। कार्यक्रम का कुशल संचालन अंग्रेज़ी में निलेश्वरी पंवार तथा हिंदी में सुनीता वर्मा ने किया।
काश्यप विद्यापीठ का यह खेलकूद समारोह अनुशासन, खेल भावना और सर्वांगीण विकास का सशक्त उदाहरण बनकर स्मरणीय रहा।
More Stories
युवराज अंबेडकर एजुकेशनल ट्रस्ट द्वारा भव्य ओपन माइक शो का आयोजन, युवा प्रतिभाओं ने बिखेरा हुनर का जलवा
होली पर्व को लेकर प्रशासन सतर्क अतर्रा कोतवाली में हुई पीस कमेटी की बैठक, जाम–सफाई–बिजली व्यवस्था पर हुई विस्तार से चर्चा
नेशनल हाईवे-35 पर भीषण हादसा: कार-बाइक की आमने-सामने टक्कर, तीन गंभीर