March 1, 2026

बसंत पंचमी पर विद्यालय में श्रद्धा व उल्लास के साथ हुआ माँ सरस्वती का पूजन

Share करें

बसंत पंचमी पर विद्यालय में श्रद्धा व उल्लास के साथ हुआ माँ सरस्वती का पूजन

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से गूंजा मिड मालवा स्कूल परिसर

संवाददाता: निलेश मालवीय
बदनावर।

बसंत पंचमी के पावन अवसर पर नगर स्थित मिड मालवा स्कूल में ज्ञान, संस्कृति और उल्लास से परिपूर्ण भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इस अवसर पर विद्यालय परिसर को पीले रंग की आकर्षक सजावट से सजाया गया, जिससे वातावरण पूर्णतः बसंती रंग में रंगा नजर आया।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने पीले वस्त्र धारण कर गीत, नृत्य, कविता पाठ एवं भाषण के माध्यम से अपनी सांस्कृतिक प्रतिभा का मनमोहक प्रदर्शन किया। प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने बसंत ऋतु की सुंदरता, शिक्षा के महत्व और माँ सरस्वती के आशीर्वाद को भावपूर्ण शब्दों में प्रस्तुत किया, जिसे उपस्थितजनों ने खूब सराहा।

संस्था समन्वयक चंचल कदम ने अपने उद्बोधन में कहा कि बसंत पंचमी ज्ञान, कला और नवचेतना का प्रतीक पर्व है। यह विद्यार्थियों को परिश्रम, अनुशासन और सदाचार के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। वहीं संस्था संचालक नवीन चौहान ने विद्यार्थियों को बसंत ऋतु में होने वाले प्राकृतिक परिवर्तनों एवं उनके महत्व के बारे में जानकारी दी।

कार्यक्रम में नृत्य प्रस्तुति दिव्यांशी राठौर, गुनगुन डोडिया, विधि राठौर, यशस्वी सोलंकी एवं सिया राठौर द्वारा दी गई, जबकि दीक्षा पुरोहित, नैतिका चौहान एवं कोमल देवड़ा ने माँ सरस्वती की भावपूर्ण वंदना प्रस्तुत की। इसके अलावा शिवम परमार, वेदिका दांगी, कशीश चौहान, प्रीतिका डोडिया, स्नेहा राठौर, गुंजन बामनिया, दीक्षिता सिंगाड एवं अमानी शर्मा ने अपनी रचनाओं और प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को और भी यादगार बनाया।

कार्यक्रम का संयोजन प्रिया चौहान, संतोषी वर्मा एवं ममता चौहान द्वारा किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की शिक्षिकाएं सुषमा शर्मा, आशीष चौहान, प्रीति बाला राठौड़, तनु प्रिया झाला, स्नेहा पाल सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की छात्रा जान्हवी चावड़ा ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन नूपुर लववंशी द्वारा किया गया। अंत में सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

About The Author