March 1, 2026

मध्यप्रदेश पुलिस का बड़ा एक्शन: 37 लाख से अधिक की चोरी की संपत्ति बरामद, कई आरोपी गिरफ्तार

Share करें

मध्यप्रदेश पुलिस का बड़ा एक्शन: 37 लाख से अधिक की चोरी की संपत्ति बरामद, कई आरोपी गिरफ्तार

संवाददाता: निलेश मालवीय

मध्यप्रदेश पुलिस ने अपने ध्येय वाक्य “देशभक्ति–जनसेवा” को चरितार्थ करते हुए प्रदेशभर में चोरी की घटनाओं पर कड़ा प्रहार किया है। विभिन्न जिलों में हुई गंभीर चोरियों का सफल खुलासा करते हुए पुलिस ने लगभग 37 लाख 40 हजार रुपए से अधिक मूल्य की चोरी की संपत्ति जब्त कर कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से आमजन में सुरक्षा का भरोसा और मजबूत हुआ है।

🔹 पन्ना: रेलवे स्टेशन से चोरी गई सामग्री बरामद

देवेंद्रनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत नागौद–खजुराहो रेलवे प्रोजेक्ट के तहत ग्राम फुलवारी स्थित रेलवे स्टेशन भवन से केबल, वायर, पीवीसी पाइप और अन्य इलेक्ट्रिकल सामग्री चोरी हो गई थी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कार्रवाई की और करीब 20 लाख रुपए की चोरी की सामग्री बरामद कर आरोपियों को धर दबोचा।

🔹 विदिशा: तीन चोरियां सुलझीं, दो आरोपी गिरफ्तार

थाना सिविल लाइन पुलिस ने मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर तीन अलग-अलग चोरी के मामलों का खुलासा किया। आरोपियों के कब्जे से चोरी की बोलेरो पिकअप, मंदिर से चोरी हुआ मुकुट-छत्र और बिजली के तार सहित लगभग 9 लाख 20 हजार रुपए की सामग्री जब्त की गई।

🔹 शाजापुर: 600 से अधिक CCTV खंगालकर मंदिर चोरी का पर्दाफाश

मोहन बड़ोदिया थाना क्षेत्र के ग्राम जावदी स्थित संकट मोचन हनुमान मंदिर में हुई चोरी का पुलिस ने बारीकी से जांच कर खुलासा किया। 600 से अधिक सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और साइबर सेल की मदद से दो मुख्य आरोपियों सहित एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया गया। उनके पास से चांदी के आभूषण, नगदी, चोरी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और धारदार हथियार सहित कुल 4 लाख 20 हजार 570 रुपए की सामग्री बरामद हुई।

🔹 सीहोर: सराफा दुकान में कर्मचारी निकला चोर

आष्टा थाना क्षेत्र में एक सोने-चांदी की दुकान से कर्मचारी द्वारा लगभग 1 किलो 390 ग्राम चांदी के आभूषण चोरी करने का मामला सामने आया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 1 किलो 359 ग्राम चांदी के आभूषण, जिनकी कीमत करीब 4 लाख रुपए है, बरामद किए।

About The Author