March 1, 2026

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में तहसील अतर्रा में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन, 160 शिकायतें प्राप्त

Share करें

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में तहसील अतर्रा में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन, 160 शिकायतें प्राप्त

अतर्रा (बांदा)।
शनिवार को तहसील अतर्रा के सभागार में जिलाधिकारी जे. रीभा की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में दूर-दराज से आए फरियादियों ने विभिन्न विभागों से जुड़ी अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।

जिलाधिकारी ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनशिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी

संपूर्ण समाधान दिवस में विद्युत, राजस्व, पुलिस, विकास, आपूर्ति, नगर पालिका सहित अन्य विभागों से संबंधित कुल 160 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से मौके पर 06 शिकायतों का तत्काल निस्तारण कराया गया।

कार्यक्रम के दौरान एक गंभीर मामला सामने आया, जिसमें ग्राम चौसड़ के एक फरियादी ने लेखपाल पर जमीन से कब्जा हटाने के एवज में धनराशि मांगने का आरोप लगाया। शिकायत मिलते ही जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित लेखपाल के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

एक अन्य प्रकरण में अतर्रा निवासी द्वारा खराब विद्युत मीटर की शिकायत पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता विद्युत को शीघ्र मीटर बदलने के निर्देश दिए। ग्राम तुर्रा में नाली निर्माण की मांग पर ग्राम पंचायत को निर्माण कार्य कराने के आदेश दिए गए। वहीं ओरन क्षेत्र में भूमि पर अतिक्रमण की शिकायत पर संबंधित लेखपाल को अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए।

नगर पालिका परिषद अतर्रा के अंतर्गत गांधी चौक क्षेत्र में नाली निर्माण के कारण सड़क संकरी होने और जाम की समस्या पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को समस्या के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। साथ ही नगर पालिका के सामने जल निगम द्वारा खुदी सड़क को दुरुस्त कराने के आदेश भी दिए गए।

संपूर्ण समाधान दिवस में पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल एवं क्षेत्राधिकारी अतर्रा ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों को सुनते हुए त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।

इस अवसर पर परियोजना निदेशक डीआरडीए, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार अतर्रा सहित सभी संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं राजस्व कर्मचारी उपस्थित रहे।

जिला संवाददाता
राष्ट्रध्वनि भारतवाणी समाचार

About The Author