अंडरट्रायल बंदी की संदिग्ध मौत से हड़कंप, DM–SP ने पहुंचकर जेल में किए सख्त निरीक्षण, हाई-लेवल जांच शुरू
लखीमपुर खीरी, 28 नवंबर।
जिला कारागार में निरुद्ध एक अंडरट्रायल बंदी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने पूरे प्रशासन को हिला दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल और एसपी संकल्प शर्मा शुक्रवार सुबह ही एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह और एएसपी पवन गौतम संग जिला जेल पहुंचे और घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया।

अधिकारियों ने बैरक से लेकर शौचालयों तक हर स्थान का बारीकी से सर्वे किया तथा ड्यूटी पर तैनात कारागार कर्मियों से कड़ी पूछताछ की। डीएम ने मौके पर ही जेल अधिकारियों को कई आवश्यक निर्देश दिए और जेल अधीक्षक से घटना पर विस्तृत स्पष्टीकरण मांगा।
संवेदनशील मामले को ध्यान में रखते हुए डीएम ने विशेष पैनल गठित कर वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम कराने का आदेश दिया है। साथ ही एसपी को 48 घंटे के अंदर जेल का सेफ्टी-कम-सिक्योरिटी ऑडिट पूरा कर रिपोर्ट सौंपने के सख्त निर्देश दिए हैं।
प्रकरण की निष्पक्ष, पारदर्शी और गहन जांच के लिए अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) नरेंद्र बहादुर सिंह को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है।
जेल में हुई इस संदिग्ध मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं और अब प्रशासन की उच्चस्तरीय जांच से पूरे मामले का सच सामने आने की उम्मीद जताई जा रही है।
More Stories
संगठन ने जताया भरोसा, नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ेगा काफिला अरविंद गुप्ता बने जिलाध्यक्ष
जालौन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का लघु सेवा शिविर आयोजित, ग्रामीणों को मिली निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी
आयुष हत्याकांड: न्याय की गुहार लेकर परिजन पहुंचे सीएम योगी के दरबार में