हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूरे होने पर भव्य पत्रकार सम्मान समारोह, कैबिनेट मंत्री राकेश सचान बोले – ग्रामीण क्षेत्र का पत्रकार सबसे सजग प्रहरी
Vivek Gupta May 31, 2026 0
हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूरे होने पर भव्य पत्रकार सम्मान समारोह, कैबिनेट मंत्री राकेश सचान बोले – ग्रामीण क्षेत्र का पत्रकार सबसे सजग प्रहरी
बांदा। हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूर्ण होने के ऐतिहासिक अवसर पर ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन (ग्रापए) बांदा इकाई द्वारा शनिवार को शहर के एक मैरिज हॉल में भव्य पत्रकार सम्मेलन एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए सैकड़ों पत्रकारों ने भाग लिया। इस अवसर पर पत्रकारिता जगत में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पत्रकारों को प्रशस्ति पत्र एवं सम्मान देकर उनकी सेवाओं का अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि पत्रकार समाज का आईना होता है। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्र में कार्य करने वाला पत्रकार एक सजग प्रहरी की भूमिका निभाता है, जो समाज की समस्याओं, जनभावनाओं और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को जनता के सामने लाने का महत्वपूर्ण कार्य करता है।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि उन्होंने पत्रकारों के संघर्ष, कठिनाइयों और चुनौतियों को बहुत करीब से देखा है। पत्रकार विषम परिस्थितियों में भी निष्पक्ष और निर्भीक होकर समाज के हित में कार्य करते हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि पत्रकारों की समस्याओं और हितों के लिए उनका दरवाजा हमेशा खुला रहेगा। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में पत्रकारिता की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में पत्रकारों का योगदान अतुलनीय है।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि पद्मश्री उमाशंकर पांडे ने अपने संबोधन में कहा कि उन्होंने देश के अधिकांश हिस्सों का भ्रमण किया है और समाज की वास्तविक परिस्थितियों को नजदीक से देखा है। उन्होंने कहा कि अब वह पुनः पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय होकर पत्रकारों के हितों, अधिकारों और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष करेंगे। उन्होंने कहा कि पत्रकारों की पीड़ा, चुनौतियों और जिम्मेदारियों को उन्होंने निकटता से महसूस किया है, इसलिए उनके उत्थान और सम्मान के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।
समारोह में वक्ताओं ने हिंदी पत्रकारिता के गौरवशाली इतिहास पर प्रकाश डालते हुए बताया कि हिंदी पत्रकारिता की शुरुआत वर्ष 1826 में प्रकाशित देश के प्रथम हिंदी समाचार पत्र ‘उदंत मार्तंड’ से हुई थी। पिछले दो सौ वर्षों में हिंदी पत्रकारिता ने समाज को जागरूक करने, जनहित के मुद्दों को उठाने, सामाजिक परिवर्तन लाने और लोकतंत्र को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। पत्रकारिता ने हर दौर में सत्य को सामने लाने और आम जनता की आवाज बनने का कार्य किया है।
कार्यक्रम में बांदा के अलावा हमीरपुर, महोबा, चित्रकूट, फतेहपुर तथा मध्य प्रदेश के छतरपुर सहित कई जनपदों से बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे। इस दौरान पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पत्रकारों को सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने वाले पत्रकारों ने इसे अपने कार्यों के प्रति समाज की स्वीकृति और प्रोत्साहन बताया।
समारोह में ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष देवी प्रसाद गुप्त तथा मंडल अध्यक्ष यूनुस खान सहित विभिन्न तहसीलों के पदाधिकारी भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान संगठन की गतिविधियों, पत्रकारों की समस्याओं तथा उनके समाधान को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों को सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम का सफल संचालन संपादक बेअंत सिंह एवं अतर्रा तहसील अध्यक्ष संतोष कुशवाहा ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम के अंत में जिला अध्यक्ष एवं जिला महामंत्री शिवम सिंह ने सभी अतिथियों, पत्रकारों एवं आगंतुकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पत्रकार समाज का मार्गदर्शक होता है और उसके सम्मान के लिए ऐसे आयोजन समय-समय पर होते रहने चाहिए।
इस अवसर पर दिल्ली प्रदेश उपाध्यक्ष सुनील द्विवेदी, महोबा जिला अध्यक्ष देवेंद्र अरजरिया, फतेहपुर जिला अध्यक्ष कुमुद तिवारी, पूर्व जिलाध्यक्ष राकेश कछवाह, सचिन चतुर्वेदी, सुनील सक्सेना सहित प्रदेश और देश के विभिन्न हिस्सों से आए पत्रकार उपस्थित रहे। समारोह में दो दर्जन से अधिक जिलों से पहुंचे लगभग पांच सौ से अधिक पत्रकारों की सहभागिता ने आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया।
हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित यह समारोह न केवल पत्रकारों के सम्मान का मंच बना, बल्कि पत्रकारिता के गौरवशाली इतिहास, वर्तमान चुनौतियों और भविष्य की संभावनाओं पर गंभीर चिंतन का भी केंद्र रहा। कार्यक्रम में उपस्थित सभी पत्रकारों ने लोकतंत्र, समाज और जनहित के लिए निष्पक्ष एवं निर्भीक पत्रकारिता जारी रखने का संकल्प लिया।
रिपोर्ट : दिनेश कुमार गुप्ता
जिला संवाददाता