खैरीगढ़ में आंगनबाड़ी निर्माण बना भ्रष्टाचार की भेंट
घटिया सामग्री, पीली ईंटें और लापरवाही से उठे गंभीर सवाल
लखीमपुर खीरी जनपद के निघासन ब्लॉक अंतर्गत खैरीगढ़ ग्राम पंचायत में निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्र भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ता नजर आ रहा है। सरकारी धन से बन रहे इस महत्वपूर्ण भवन में घटिया सामग्री और पीली ईंटों का खुलकर उपयोग किया जा रहा है, जिससे निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर प्रश्न खड़े हो गए हैं।
स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि आंगनबाड़ी केंद्र के निर्माण में मानकों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है। नींव से लेकर दीवारों तक घटिया ईंट और कमजोर मसाले का प्रयोग हो रहा है, जिससे भवन की मजबूती पर संदेह बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि यह केंद्र बच्चों, गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं के लिए बनाया जा रहा है, लेकिन भ्रष्टाचार के चलते उनका भविष्य खतरे में डाला जा रहा है।
ग्रामीणों में इसको लेकर भारी आक्रोश व्याप्त है। उनका आरोप है कि ठेकेदार और संबंधित जिम्मेदारों की मिलीभगत से सरकारी धन की खुली लूट की जा रही है। कई बार शिकायत के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे लोगों का प्रशासन पर भरोसा डगमगाने लगा है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही निर्माण की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई नहीं की गई, तो वे उच्च अधिकारियों से लेकर जनप्रतिनिधियों तक शिकायत करेंगे और जरूरत पड़ी तो आंदोलन का रास्ता भी अपनाएंगे।
अब देखना यह है कि प्रशासन इस गंभीर मामले को कितनी गंभीरता से लेता है या फिर खैरीगढ़ का आंगनबाड़ी केंद्र यूं ही भ्रष्टाचार का स्मारक बनकर रह जाएगा।
More Stories
युवराज अंबेडकर एजुकेशनल ट्रस्ट द्वारा भव्य ओपन माइक शो का आयोजन, युवा प्रतिभाओं ने बिखेरा हुनर का जलवा
होली पर्व को लेकर प्रशासन सतर्क अतर्रा कोतवाली में हुई पीस कमेटी की बैठक, जाम–सफाई–बिजली व्यवस्था पर हुई विस्तार से चर्चा
नेशनल हाईवे-35 पर भीषण हादसा: कार-बाइक की आमने-सामने टक्कर, तीन गंभीर