बिड़वाल में मध्य प्रदेश पाटीदार समाज संगठन की अहम बैठक संपन्न,
25 जनवरी को उज्जैन में होने वाले भव्य भूमि पूजन को लेकर बनी रणनीति
बदनावर | संवाददाता: निलेश मालवीय
मध्य प्रदेश पाटीदार समाज संगठन के प्रांतीय कार्यालय श्री वासुदेव परिसर के भव्य भूमि पूजन कार्यक्रम को लेकर शुक्रवार को सरदार पटेल हाई स्कूल, बिड़वाल में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में आगामी 25 जनवरी को उज्जैन, महाकाल की पावन नगरी में प्रस्तावित भूमि पूजन समारोह को ऐतिहासिक और भव्य स्वरूप देने पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक की शुरुआत समाज के पदाधिकारियों द्वारा मां सरस्वती एवं लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ की गई। इसके पश्चात समाज की एकता, संगठन की मजबूती और भविष्य की योजनाओं पर विचार-विमर्श हुआ।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रांतीय अध्यक्ष कृष्णकांत पटेल ने कहा कि उज्जैन में बनने वाला प्रांतीय कार्यालय समाज के लिए एक नई दिशा और पहचान बनेगा। यह कार्यालय सामाजिक, शैक्षणिक एवं संगठनात्मक गतिविधियों का केंद्र होगा। उन्होंने समाजजनों से आह्वान किया कि अधिक से अधिक संख्या में उज्जैन पहुंचकर इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बनें।
जिला अध्यक्ष यतिन पाटीदार ने संगठन की एकजुटता पर बल देते हुए कहा कि पाटीदार समाज हमेशा से सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण में अग्रणी रहा है। युवा संगठन जिला अध्यक्ष देवेंद्र पाटीदार ने युवाओं से कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
बैठक में महिला संगठन की तहसील अध्यक्ष सारिका पटेल ने कहा कि समाज की प्रगति में महिलाओं की भूमिका भी अत्यंत महत्वपूर्ण है और इस आयोजन में महिला शक्ति की भागीदारी उल्लेखनीय रहेगी।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से रमेश पटेल शेरगढ़, जिला महामंत्री राजेश पालोत्रा, तहसील अध्यक्ष मीनेश पाटीदार, संगठन संरक्षक गोवर्धन लाल पालोतरा, अशोक पटेल बिड़वाल, कन्हैया लाल पटेल रूपाखेड़ा, रतनलाल पाटीदार, हवलदी लाल पाटीदार, मनोज पाटीदार, राधेश्याम बोलदिया तोरनोद, दशरथ चौधरी (अध्यक्ष, सरदार पटेल हाई सेकेंडरी स्कूल), जगदीश भैसोटिया, गोपाल डेरी, विजय पाटीदार देसाई, जिला महामंत्री आशीष लाठी, गजानन पाटीदार सहित समाज के वरिष्ठजन और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।
अंत में तहसील अध्यक्ष मीनेश पाटीदार ने बैठक में उपस्थित सभी समाजजनों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम की जानकारी दी और 25 जनवरी को उज्जैन पहुंचकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की।
बैठक में जोश, उत्साह और संगठनात्मक एकता स्पष्ट रूप से देखने को मिली, जिससे यह संकेत मिला कि उज्जैन में होने वाला भूमि पूजन कार्यक्रम पाटीदार समाज के इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ेगा।
More Stories
युवराज अंबेडकर एजुकेशनल ट्रस्ट द्वारा भव्य ओपन माइक शो का आयोजन, युवा प्रतिभाओं ने बिखेरा हुनर का जलवा
होली पर्व को लेकर प्रशासन सतर्क अतर्रा कोतवाली में हुई पीस कमेटी की बैठक, जाम–सफाई–बिजली व्यवस्था पर हुई विस्तार से चर्चा
नेशनल हाईवे-35 पर भीषण हादसा: कार-बाइक की आमने-सामने टक्कर, तीन गंभीर