March 2, 2026

घास की रोटी खाना स्वीकार है, लेकिन गुलामी नहीं—वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप का जीवन हर भारतीय के लिए प्रेरणा : पूर्व कैबिनेट मंत्री राजवर्धन सिंह दत्तीगांव

Share करें

घास की रोटी खाना स्वीकार है, लेकिन गुलामी नहीं—वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप का जीवन हर भारतीय के लिए प्रेरणा : पूर्व कैबिनेट मंत्री राजवर्धन सिंह दत्तीगांव

संवाददाता : निलेश मालवीय
बदनावर।
महाराणा प्रताप राजपूत समाज ट्रस्ट, बदनावर द्वारा वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप जी की पुण्यतिथि के अवसर पर सोमवार देर शाम माथुर कॉलोनी स्थित राजपूत समाज धर्मशाला में श्रद्धा और गरिमा के साथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर महाराणा प्रताप के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया तथा उनके अदम्य साहस, त्याग और राष्ट्रभक्ति को स्मरण किया गया।

कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री श्री राजवर्धन सिंह दत्तीगांव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ राजपूत समाज अध्यक्ष श्री अंतर सिंह पंवार सहित समाज के अनेक वरिष्ठजन मंचासीन रहे। कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत उद्बोधन से हुई, जिसमें राजपूत समाज ट्रस्ट के पोपसिंह राठौर ने अतिथियों का स्वागत करते हुए धर्मशाला में हो रहे विकास कार्यों, भविष्य की योजनाओं एवं आगामी सामाजिक आयोजनों की जानकारी दी।

अपने प्रेरणादायी संबोधन में पूर्व मंत्री दत्तीगांव ने कहा कि “महाराणा प्रताप का जीवन हर भारतीय के लिए प्रेरणा का स्रोत है। घास की रोटी खाना स्वीकार है, लेकिन गुलामी कभी स्वीकार्य नहीं—यह संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है।” उन्होंने युवाओं से महाराणा प्रताप के त्याग, तपस्या, शौर्य और आत्मसम्मान से सीख लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मुगल सल्तनत के सामने न झुककर मातृभूमि की रक्षा करने का संकल्प महाराणा प्रताप की महानता को दर्शाता है।

दत्तीगांव ने युवाओं से कुरीतियों से दूर रहने, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ग्रहण करने और राष्ट्रसेवा के कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाने का आग्रह किया। उन्होंने समाज में एकता, अनुशासन और सेवा भाव को मजबूत करने पर भी बल दिया।

कार्यक्रम के दौरान समाज की धर्मशाला के विकास कार्यों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई तथा आगामी दिनों में आयोजित होने वाले सामाजिक, सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई। बैठक में ट्रस्टीगण, समाज के सदस्य एवं दानदाता समाजजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

पुण्यतिथि के अवसर पर महाराणा प्रताप को नमन करने हेतु वरिष्ठ ट्रस्टी विक्रम सिंह पवार, मनोहर सिंह पवार, राजेंद्र सिंह फूदा बापू, भगवान सिंह राठौर, मांगू सिंह, विजय सिंह पवार, दशरथ सिंह डोडिया, दिलीप सिंह चौहान, सोहन सिंह पवार, सोहन सिंह जादौन, शंभू सिंह गौड़, शक्ति सिंह शतावत, राकेश सिंह चौहान, जितेन्द्र सिंह देवड़ा, डॉ. कमल सिंह राठौर, बंटू सिंह चौहान, लोकेंद्र सिंह पवार, सचिन सिंह झाला, गजेंद्र सिंह राठौर सहित अनेक समाजजन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह पवार ने किया। समापन पर महाराणा प्रताप के आदर्शों को जीवन में उतारने का संकल्प लिया गया और राष्ट्र व समाज के हित में निरंतर कार्य करने का संदेश दिया गया।

About The Author