संपूर्ण समाधान दिवस बना भरोसे का मंच: डीएम ने सुनी फरियाद, योजनाओं से खिले लाभार्थियों के चेहरे
लखीमपुर खीरी।
जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे जरूरतमंदों तक पहुंचाने की दिशा में शनिवार को तहसील मितौली सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस प्रभावी साबित हुआ। जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल, पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग एवं मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक कुमार ने न सिर्फ फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं, बल्कि कई लाभार्थियों को योजनाओं की सौगात देकर उनके चेहरों पर मुस्कान भी लौटाई।
जनसुनवाई के दौरान डीएम ने स्पष्ट शब्दों में अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष, समयबद्ध और गुणवत्तापरक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता जनसमस्याओं का समाधान है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विशेष रूप से गरीब, वंचित और जरूरतमंद वर्ग की शिकायतों को संवेदनशीलता के साथ निस्तारित करने पर उन्होंने जोर दिया।
डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने कहा कि समाधान दिवस केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि जनता और प्रशासन के बीच विश्वास का सेतु है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि भूमि विवादों में राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्यवाही करे, ताकि अनावश्यक विवाद न बढ़ें और पीड़ित को शीघ्र न्याय मिल सके।
इस समाधान दिवस में कुल 42 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 04 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। विभागवार प्राप्त शिकायतों में राजस्व विभाग की 17, पुलिस की 06, विकास विभाग की 06, आपूर्ति की 05, विद्युत विभाग की 04, जल निगम की 03 और शिक्षा विभाग की एक शिकायत शामिल रही। सभी प्रार्थना पत्रों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए।
समाधान दिवस का मानवीय और संवेदनशील पक्ष उस समय देखने को मिला, जब डीएम, एसपी और सीडीओ ने जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सीधे लाभ प्रदान किया। तीन गर्भवती महिलाओं का गोद भराई संस्कार संपन्न कराया गया, वहीं तीन छह माह के शिशुओं का अन्नप्राशन कराकर उन्हें खीर खिलाई गई। इसके साथ ही प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना की पांच लाभार्थियों को चेक प्रदान किए गए।
कार्यक्रम के दौरान सीएमओ डॉ. संतोष गुप्ता, प्रशिक्षु आईएएस मनीषा धारवे, एसडीएम मधुसूदन गुप्ता, पीडी एसएन चौरसिया, डीडीओ गजेंद्र प्रताप सिंह सहित अन्य जनपदीय अधिकारी उपस्थित रहे। समाधान दिवस में लाभ पाकर लोगों के चेहरों पर आई मुस्कान ने प्रशासनिक प्रयासों को सार्थक कर दिया।
More Stories
युवराज अंबेडकर एजुकेशनल ट्रस्ट द्वारा भव्य ओपन माइक शो का आयोजन, युवा प्रतिभाओं ने बिखेरा हुनर का जलवा
होली पर्व को लेकर प्रशासन सतर्क अतर्रा कोतवाली में हुई पीस कमेटी की बैठक, जाम–सफाई–बिजली व्यवस्था पर हुई विस्तार से चर्चा
नेशनल हाईवे-35 पर भीषण हादसा: कार-बाइक की आमने-सामने टक्कर, तीन गंभीर