March 2, 2026

सियाजीत बस्ती खेड़ा में हिन्दू सम्मेलन सम्पन्न, दिखी धार्मिक समरसता की झलक

Share करें

सियाजीत बस्ती खेड़ा में हिन्दू सम्मेलन सम्पन्न, दिखी धार्मिक समरसता की झलक

संवाददाता: निलेश मालवीय
बदनावर।

सियाजीत बस्ती खेड़ा में हिन्दू उत्सव समिति खेड़ा के तत्वावधान में हिन्दू सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। सम्मेलन के दौरान पूरे गांव में धार्मिक वातावरण और सामाजिक समरसता की स्पष्ट झलक देखने को मिली। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की सहभागिता रही।

सम्मेलन के मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कुटुम्ब प्रबोधन विभाग के सह संयोजक भेरू सिंह पटेल रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता संत श्री सियाराम दास जी महाराज खेड़ा ने की। मंच पर श्रीमद् भागवत कथा प्रवक्ता राघवेंद्र गौर, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की प्रान्त छात्रा प्रमुख रागिनी यादव तथा समिति संयोजक डॉ. सोहनलाल पाटीदार भी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात वक्ताओं ने समाज को संबोधित किया। मुख्य वक्ता भेरू सिंह पटेल ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना से लेकर अब तक की यात्रा पर प्रकाश डालते हुए समाज से संघ के पांच तंत्रों को अपनाने का आह्वान किया।

श्रीमद् भागवत कथा प्रवक्ता राघवेंद्र गौर ने अपने उद्बोधन में समाज में व्याप्त आपसी मतभेदों को दूर कर सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने तथा एकजुट होकर आगे बढ़ने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने हिन्दू धर्म की महानता और उसके सांस्कृतिक मूल्यों की विस्तार से जानकारी दी।

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की प्रान्त छात्रा प्रमुख रागिनी यादव ने युवाओं और समाजजनों से संगठित रहने का आह्वान करते हुए कहा कि समाज की मजबूती एकता और संगठन में ही निहित है।

कार्यक्रम का समापन भारत माता की आरती के साथ किया गया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में युवा, मातृशक्ति तथा वरिष्ठ ग्रामवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के उपरांत सभी समाजजनों ने समरसता भोज में एक साथ सहभागिता कर सामाजिक एकता का परिचय दिया।

About The Author