March 2, 2026

विशेष अभियान में डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल का औचक निरीक्षण, बूथ पर पहुंचकर खुद परखी हकीकत, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

Share करें

विशेष अभियान में डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल का औचक निरीक्षण,
बूथ पर पहुंचकर खुद परखी हकीकत, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

लखीमपुर खीरी | 17 जनवरी

मतदाता सूची को शुद्ध, त्रुटिरहित और समावेशी बनाने के उद्देश्य से भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चल रहा विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान शनिवार को जिले भर में पूरे जोश और रफ्तार के साथ नजर आया। इस अभियान के तहत आयोजित “विशेष अभियान दिवस” में मतदाताओं की भागीदारी उत्साहजनक रही। इसी क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल स्वयं मैदान में उतरीं और मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत परखी।

डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने डिप्टी डीईओ/एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह तथा ईआरओ/एसडीएम सदर अश्विनी कुमार सिंह के साथ पहले परिषदीय विद्यालय नौरंगाबाद स्थित मतदान स्थल (भाग संख्या 279 से 285) और इसके बाद सलेमपुर कोन मतदान स्थल (भाग संख्या 186 से 191) का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डीएम ने न सिर्फ व्यवस्थाओं का अवलोकन किया, बल्कि बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से सीधे संवाद कर अभियान की प्रगति की जानकारी भी ली।

निरीक्षण के दौरान डीएम सीधे बीएलओ हेल्प डेस्क पर पहुंचीं, जहां उन्होंने फॉर्म-6 (नया नाम जोड़ने), फॉर्म-8 (त्रुटि सुधार) से संबंधित प्राप्त आवेदनों, संलग्न दस्तावेजों और उनके निस्तारण की स्थिति को बारीकी से देखा। उन्होंने हर आवेदन की मौके पर जांच करने और आवेदकों को स्पष्ट व सही जानकारी देने के निर्देश दिए।

डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने बीएलओ से दो टूक कहा कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके एक भी पात्र युवा का नाम मतदाता सूची से छूटना नहीं चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह अभियान सिर्फ औपचारिकता नहीं, बल्कि लोकतंत्र को मजबूत करने की जिम्मेदारी है। बीएलओ को निर्देश दिए गए कि वे सक्रिय संपर्क बनाएं, डोर-टू-डोर जागरूकता अभियान चलाएं और प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध व पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित करें।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने आम मतदाताओं से भी सीधा संवाद किया। उन्होंने लोगों को निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित विशेष अभियान तिथियों की जानकारी दी और बताया कि जिन नागरिकों का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे घोषणा पत्र के साथ फॉर्म-6 भरकर अपने क्षेत्र के बीएलओ को दे सकते हैं या फिर voters.eci.gov.in पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। वहीं, नाम, पता, जन्मतिथि अथवा अन्य विवरणों में त्रुटि सुधार के लिए फॉर्म-8 भरा जा सकता है। सहायता के लिए मतदाता हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क करने की भी अपील की गई।

डिप्टी डीईओ/एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह ने जानकारी दी कि 18 जनवरी को भी जिले में विशेष अभियान दिवस आयोजित किया जाएगा। अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एईआरओ) स्वयं पदाभिहित मतदान स्थलों का भ्रमण करेंगे। भ्रमण कार्यक्रम इस तरह तैयार किया गया है कि कोई भी बूथ छूटने न पाए

उन्होंने बताया कि 18 जनवरी को सुबह 10:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक सभी बूथ लेवल अधिकारी अपने-अपने बूथ पर उपस्थित रहेंगे और आलेख्य निर्वाचक नामावली का वाचन करेंगे। इसके साथ ही बीएलओ के पास अप्राप्त (Uncollectable), अनुपस्थित, स्थानांतरित (Shifted), मृतक और डुप्लीकेट मतदाताओं की सूची भी उपलब्ध रहेगी, ताकि मतदाताओं को सटीक जानकारी दी जा सके और सूची को पूरी तरह दुरुस्त किया जा सके।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम सदर अश्विनी कुमार सिंह और तहसीलदार मुकेश कुमार भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने डीएम को अभियान की प्रगति से अवगत कराया और आगे की रणनीति पर चर्चा की।

जिले में चल रहा यह विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान न केवल मतदाता सूची को अपडेट करने की दिशा में अहम कदम है, बल्कि लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी सुनिश्चित करने का मजबूत प्रयास भी है। डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल के इस औचक निरीक्षण से साफ संदेश गया कि मतदाता सूची की शुद्धता में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी, और हर पात्र मतदाता का नाम सूची में शामिल कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

About The Author