March 1, 2026

मतदाता सूची में गड़बड़ी का आरोप, कांग्रेस ने दिया राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन

Share करें

मतदाता सूची में गड़बड़ी का आरोप, कांग्रेस ने दिया राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन

बदनावर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, निष्पक्ष पुनरीक्षण की मांग

संवाददाता: निलेश मालवीय
बदनावर।

मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं और फर्जी तरीके से नाम काटे जाने को लेकर कांग्रेस ने कड़ा विरोध दर्ज कराया है। इस संबंध में कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं ने महामहिम राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन एसडीएम प्रियंका नेम रोड को सौंपा।

ज्ञापन सौंपने से पूर्व विधायक भंवर सिंह शेखावत के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता कुछ समय तक एसडीएम कार्यालय के बाहर धरने पर बैठे। बाद में शांतिपूर्वक ज्ञापन प्रस्तुत किया गया। इसी मुद्दे को लेकर कलेक्टर के नाम एक अलग ज्ञापन भी एसडीएम को सौंपा गया।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) प्रक्रिया के दौरान भाजपा से जुड़े पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के प्रभाव में आकर कई स्थानों पर गंभीर अनियमितताएं की जा रही हैं। बड़ी संख्या में पात्र मतदाताओं के नाम फर्जी आपत्तियों, गलत सत्यापन और बिना पूर्व सूचना के मतदाता सूची से हटाए जा रहे हैं, जिससे आम नागरिक अपने संवैधानिक मताधिकार से वंचित हो रहा है।

कांग्रेस ने इसे लोकतंत्र की मूल भावना, निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया और संविधान प्रदत्त अधिकारों के विरुद्ध बताते हुए गहरी चिंता जताई। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि कई मामलों में न तो मतदाताओं को कोई सूचना दी गई और न ही उन्हें अपना पक्ष रखने का अवसर मिला।

कांग्रेस की प्रमुख मांगें

  • मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और नियमों के अनुरूप कराई जाए

  • फर्जी तरीके से मतदाताओं के नाम काटने पर तत्काल रोक लगाई जाए

  • बिना समुचित सत्यापन, लिखित सूचना व सुनवाई के अवसर के किसी भी नाम की कटौती न की जाए

  • फर्जी नाम कटौती में संलिप्त अधिकारियों, कर्मचारियों एवं अन्य व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए

बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता रहे उपस्थित

इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरिनारायण सिंह पंवार, कमल सिंह पटेल, जिला संगठन महासचिव परितोष सिंह राठौड़, कानवन ब्लॉक अध्यक्ष सुरेंद्र गोयल, विधायक प्रतिनिधि कैलाश गुप्ता, जिला युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष सोनू जाट, जिला युवक कांग्रेस महासचिव यशवर्धन सिंह पंवार, किसान कांग्रेस दिनेश रघुवंशी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन का वाचन पूर्व नपं अध्यक्ष अभिषेक टल्ला मोदी द्वारा तथा कलेक्टर के नाम ज्ञापन का वाचन बदनावर ब्लॉक अध्यक्ष निरंजन सिंह पवार द्वारा किया गया। कार्यक्रम के अंत में नगर कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश होती ने सभी का आभार व्यक्त किया।

About The Author