March 2, 2026

विशाल मानसिक स्वास्थ्य शिविर का आयोजन, 251 मरीजों का हुआ पंजीकरण सीएचसी खमरिया पण्डित में जिला मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत मिला उपचार व परामर्श

Share करें

विशाल मानसिक स्वास्थ्य शिविर का आयोजन, 251 मरीजों का हुआ पंजीकरण
सीएचसी खमरिया पण्डित में जिला मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत मिला उपचार व परामर्श

लखीमपुर खीरी।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) खमरिया पण्डित में गुरुवार को जिला मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत एक विशाल मानसिक स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण क्षेत्र से आए लोगों ने भाग लिया। इस दौरान कुल 251 मरीजों का पंजीकरण किया गया, जिनमें से 80 मानसिक मंदित एवं मानसिक रूप से बीमार व्यक्तियों का विस्तृत मानसिक परीक्षण कर निःशुल्क दवाएं वितरित की गईं।

शिविर का शुभारंभ ग्राम प्रधान खमरिया कुंती गुप्ता एवं चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अमित सिंह द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस अवसर पर ग्राम प्रधान के प्रतिनिधिगण भी उपस्थित रहे। शिविर में जिला मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम की जिला स्तरीय टीम द्वारा मरीजों की जांच, परामर्श एवं उपचार किया गया।

चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अमित सिंह ने बताया कि वर्तमान समय में मानसिक स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विशेषकर ग्रामीण अंचलों में आज भी लोग मानसिक बीमारियों के इलाज के लिए झाड़-फूंक, ओझा-हकीम जैसी अवैज्ञानिक पद्धतियों पर निर्भर रहते हैं, जबकि मानसिक रोगों का इलाज आधुनिक चिकित्सा पद्धति से संभव है। इसी उद्देश्य से जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं ब्लॉक स्तर पर नियमित रूप से मानसिक स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि लोगों को सही उपचार मिल सके।

शिविर में जिला पुरुष अस्पताल से मनोचिकित्सक डॉ. अखिलेश शुक्ला द्वारा मरीजों की जांच की गई। उन्होंने मानसिक रोगों जैसे अनिद्रा, अवसाद, चक्कर आना, बेहोशी के दौरे, माइग्रेन, सिरदर्द, चिंता, घबराहट, तनाव, बुद्धि का कम विकास, आत्महत्या की प्रवृत्ति (सुसाइड प्रिवेंशन) आदि विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। साथ ही उन्होंने समाज में व्याप्त भ्रांतियों जैसे ऊपरी शक्ति, पूर्व जन्म का अभिशाप, झाड़-फूंक आदि से दूर रहकर बिना किसी झिझक के चिकित्सकीय उपचार कराने के लिए लोगों को प्रेरित किया।

जिला मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम प्रकोष्ठ की टीम द्वारा शिविर में उपस्थित जनसमूह, सीएचओ, आशा, एएनएम, स्टाफ नर्स एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मियों को पम्पलेट वितरित कर मानसिक बीमारियों के लक्षण, उपचार एवं परामर्श के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

इस अवसर पर साइक्रेटिक सोशल वर्कर अतुल कुमार पाण्डेय ने बताया कि जिला पुरुष अस्पताल, लखीमपुर खीरी में कमरा नंबर-02 में प्रत्येक सोमवार, बुधवार एवं शुक्रवार को प्रातः 8 बजे से अपरान्ह 2 बजे तक ओपीडी सेवाएं उपलब्ध हैं। इसके अतिरिक्त मानसिक स्वास्थ्य हेल्पलाइन नंबर 9120984643 तथा टेली मानस टोल फ्री नंबर 14416 (24×7) पर भी किसी भी मानसिक समस्या के लिए संपर्क किया जा सकता है। चिन्हित मानसिक रोगियों को नियमित इलाज एवं प्रत्येक माह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर चतुर्थ गुरुवार को आने की सलाह दी गई।

शिविर में साइक्रेटिक नर्स विवेक कुमार मित्तल द्वारा 80 मानसिक रोगियों को दवाएं वितरित की गईं। नैदानिक मनोवैज्ञानिक स्तुति कक्कड़ द्वारा 2 मरीजों का मानसिक परीक्षण कर बुद्धिमत्ता की जांच की गई। एनसीडी काउंसलर विकास कुमार ने मरीजों की काउंसलिंग की, जबकि स्टाफ नर्स गायत्री देवी द्वारा 46 मरीजों की ब्लड शुगर एवं रक्तचाप (बीपी) की जांच की गई।

शिविर में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खमरिया पण्डित से डॉ. अमित सिंह, डॉ. सुजीत पांडेय, डॉ. सत्यक वर्मा, डॉ. इस्तियाक अंसारी, योगाचार्य योगेश गिरी, फरहान किदवई, फार्मासिस्ट, काउंसलर, लैब टेक्नीशियन सुरेंद्र कुमार, हर्षिता सिंह सहित अन्य पैरामेडिकल स्टाफ उपस्थित रहा।

यह विशाल मानसिक स्वास्थ्य शिविर ग्रामीण क्षेत्रों में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और जरूरतमंदों को सही समय पर उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में एक सराहनीय पहल साबित हुआ।

About The Author