उ०प्र० राजर्षि टण्डन मुक्त विश्वविद्यालय की परीक्षाएं शुरू, 21 फरवरी तक चलेंगी
युवराज दत्त स्नातकोत्तर महाविद्यालय में सीसीटीवी निगरानी में हो रही परीक्षाएं
लखीमपुर-खीरी।
उ०प्र० राजर्षि टण्डन मुक्त विश्वविद्यालय, प्रयागराज द्वारा संचालित शैक्षणिक सत्र जनवरी 2025 एवं जुलाई 2025 की परीक्षाएं जिले में विधिवत रूप से प्रारम्भ हो चुकी हैं। विश्वविद्यालय का अध्ययन केन्द्र (S-031) युवराज दत्त स्नातकोत्तर महाविद्यालय, लखीमपुर-खीरी में संचालित है, जहां परीक्षाएं 22 जनवरी 2026 से प्रारम्भ होकर 21 फरवरी 2026 तक आयोजित की जाएंगी।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो० हेमन्त पाल ने जानकारी देते हुए बताया कि परीक्षाओं को पूर्णतः शुचितापूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराने के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं। परीक्षा कक्षों में सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से सतत निगरानी रखी जा रही है, जिससे किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधि या अनियमितता की कोई संभावना न रहे। परीक्षा प्रक्रिया को सुचारु रूप से सम्पन्न कराने के लिए पर्यवेक्षकों एवं परीक्षा ड्यूटी में लगे कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि परीक्षा केन्द्र पर परीक्षार्थियों की सुविधा और अनुशासन बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं, जिससे विद्यार्थी शांत एवं सुरक्षित वातावरण में अपनी परीक्षा दे सकें। विश्वविद्यालय के निर्देशों के अनुरूप समय-सारिणी का कड़ाई से पालन कराया जा रहा है।
प्राचार्य प्रो० हेमन्त पाल ने यह भी अवगत कराया कि जनवरी 2026 सत्र के लिए प्रवेश प्रक्रिया प्रारम्भ हो चुकी है। इच्छुक अभ्यर्थी स्नातक एवं परास्नातक एकल विषय, साथ ही विभिन्न डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश हेतु विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट
www.uprtouadm.samarth.edu.in
पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
प्रवेश से संबंधित विस्तृत जानकारी, पाठ्यक्रम विवरण एवं अन्य आवश्यक सहायता के लिए अभ्यर्थी युवराज दत्त स्नातकोत्तर महाविद्यालय स्थित अध्ययन केन्द्र से भी संपर्क कर सकते हैं। महाविद्यालय प्रशासन ने अधिक से अधिक विद्यार्थियों से इस अवसर का लाभ उठाकर उच्च शिक्षा से जुड़ने का आह्वान किया है।
More Stories
युवराज अंबेडकर एजुकेशनल ट्रस्ट द्वारा भव्य ओपन माइक शो का आयोजन, युवा प्रतिभाओं ने बिखेरा हुनर का जलवा
होली पर्व को लेकर प्रशासन सतर्क अतर्रा कोतवाली में हुई पीस कमेटी की बैठक, जाम–सफाई–बिजली व्यवस्था पर हुई विस्तार से चर्चा
नेशनल हाईवे-35 पर भीषण हादसा: कार-बाइक की आमने-सामने टक्कर, तीन गंभीर