आयुष हत्याकांड: न्याय की गुहार लेकर परिजन पहुंचे सीएम योगी के दरबार में
चित्रकूट ब्रेकिंग | आयुष हत्याकांड
चित्रकूट जनपद में चर्चित आयुष हत्याकांड को लेकर पीड़ित परिवार ने न्याय की गुहार के साथ राजधानी लखनऊ का रुख किया। मृतक आयुष के परिजन एवं कपड़ा व्यापारी अशोक केशरवानी सपरिवार लखनऊ पहुंचे और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाक़ात कर पूरे मामले से उन्हें अवगत कराया।
परिजनों ने मुख्यमंत्री से स्पष्ट शब्दों में मांग की कि इस जघन्य अपराध में शामिल आरोपियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाए। विशेष रूप से एनकाउंटर में मारे गए अपहरणकर्ता कल्लू और घायल आरोपी इमरान के घरों पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग उठाई गई। साथ ही आरोपी इमरान के खिलाफ फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाकर कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की अपील की गई।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूरे संवेदनशीलता के साथ परिजनों की बात सुनी। यह मुलाक़ात करीब 22 मिनट तक चली, जिसमें घटना के हर पहलू पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि प्रदेश सरकार पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और न्याय दिलाने में कोई कोताही नहीं बरती जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करने का भरोसा दिलाया कि दोषियों के खिलाफ कानून के तहत सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इस दौरान प्रदेश सरकार में मंत्री नंद गोपाल नंदी भी मौजूद रहे। उन्होंने भी परिजनों को भरोसा दिलाया कि सरकार अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रही है और पीड़ित परिवार को न्याय जरूर मिलेगा।
गौरतलब है कि आयुष हत्याकांड ने पूरे चित्रकूट समेत प्रदेश में गहरा आक्रोश पैदा किया है। जनता की निगाहें अब प्रशासनिक और कानूनी कार्रवाई पर टिकी हैं। मुख्यमंत्री से मुलाक़ात के बाद परिजनों में न्याय की उम्मीद जगी है, वहीं सरकार की ओर से जल्द ठोस कदम उठाए जाने के संकेत भी मिले हैं।
— ब्यूरो रिपोर्ट
अवधेश शिवहरे
More Stories
संगठन ने जताया भरोसा, नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ेगा काफिला अरविंद गुप्ता बने जिलाध्यक्ष
जालौन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का लघु सेवा शिविर आयोजित, ग्रामीणों को मिली निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी
खेल और सहकारिता में ऐतिहासिक छलांग : मंत्री विश्वास कैलाश सारंग खिलाड़ियों का सम्मान, युवा सशक्तिकरण और किसानों के लिए सहकारी क्रांति