March 2, 2026

देउवापुर प्रशिक्षण केंद्र में एक-मासी बेकरी प्रशिक्षण का सफल समापन

Share करें

देउवापुर प्रशिक्षण केंद्र में एक-मासी बेकरी प्रशिक्षण का सफल समापन
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने तैयार उत्पादों का किया निरीक्षण, प्रतिभागियों का बढ़ाया उत्साह

लखीमपुर खीरी, 10 दिसंबर 2025।
राजकीय सामुदायिक फल संरक्षण एवं प्रशिक्षण केंद्र, देउवापुर में मुख्यमंत्री खाद्य प्रसंस्करण ग्राम स्वरोजगार योजना के अंतर्गत आयोजित एक-मासी बेकरी प्रशिक्षण कार्यक्रम का आज सफलतापूर्वक समापन हो गया। इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण युवाओं व महिलाओं को खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में सक्षम बनाकर स्वरोजगार के अवसर प्रदान करना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।

समापन अवसर पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री अरविंद सिंह और खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री अभिषेक कुमार वर्मा ने प्रशिक्षणार्थियों द्वारा तैयार किए गए विविध बेकरी उत्पादों का विस्तृत अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बिस्कुट, क्रीम रोल, जीरा फैन, नानखटाई, कुकीज सहित कई उत्पादों का स्वाद लेकर उनकी गुणवत्ता की सराहना की। अधिकारियों ने प्रतिभागियों के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए उन्हें भविष्य में उद्योग स्थापना के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान केंद्र प्रभारी राजेश कुमार पिप्पल, प्रशिक्षक कुमारी नेहा वर्मा और राघवेंद्र सिंह भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने बताया कि प्रशिक्षण का उद्देश्य सिर्फ कौशल प्रदान करना ही नहीं, बल्कि प्रतिभागियों को ऐसा आत्मविश्वास देना है कि वे प्रशिक्षण के बाद अपना स्वयं का बेकरी उद्योग स्थापित कर सकें। इससे न केवल उनकी आय में वृद्धि होगी, बल्कि क्षेत्र के लोगों को पौष्टिकता से भरपूर गुणवत्तापूर्ण उत्पाद भी उपलब्ध हो सकेंगे।

ट्रेनिंग केंद्र के प्रभारी ने कहा कि बेकरी प्रशिक्षण को लेकर प्रतिभागियों में गजब का उत्साह देखने को मिला। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस तरह के कार्यक्रम ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार की नई राह खोलेंगे और स्थानीय स्तर पर खाद्य उद्योग को एक नया आयाम देंगे।

समापन के साथ ही यह प्रशिक्षण कार्यक्रम न सिर्फ कौशल विकास का मंच बना, बल्कि आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ने का मार्ग भी प्रशस्त कर गया।

About The Author