February 28, 2026

शीर्षक: विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण की संशोधित समय-सारिणी जारी, 28 फरवरी को होगा अंतिम प्रकाशन

Share करें

शीर्षक: विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण की संशोधित समय-सारिणी जारी, 28 फरवरी को होगा अंतिम प्रकाशन

लखीमपुर खीरी। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण की संशोधित समय-सारिणी जारी कर दी गई है। अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर होने वाले इस महत्त्वपूर्ण कार्य को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इस पुनरीक्षण का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है, ताकि कोई भी पात्र मतदाता अपने संवैधानिक अधिकार से वंचित न रहे।

जारी कार्यक्रम के अनुसार गणना अवधि तथा मतदान केंद्रों के सम्भाजन एवं पुनर्व्यवस्था का कार्य 26 दिसंबर 2025 तक पूर्ण किया जाएगा। इसके उपरांत 27 से 30 दिसंबर 2025 तक कंट्रोल टेबल अपडेट करने और ड्राफ्ट मतदाता सूची तैयार करने की प्रक्रिया चलेगी। इसके बाद 31 दिसंबर 2025 को निर्वाचक नामावलियों का आलेख्य प्रकाशन किया जाएगा, जिससे आम नागरिक अपनी प्रविष्टियां देख सकेंगे।

मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने या संशोधन के लिए 31 दिसंबर 2025 से 30 जनवरी 2026 तक दावे और आपत्तियां आमंत्रित की जाएंगी। वहीं नोटिस फेज के अंतर्गत नोटिस जारी करना, सुनवाई, सत्यापन, ईआरओ द्वारा एन्यूमरेशन फॉर्म पर निर्णय तथा दावे व आपत्तियों का निस्तारण 21 फरवरी 2026 तक किया जाएगा। इसके बाद इलेक्टोरल रोल के हेल्थ पैरामीटर्स की जांच कर आयोग से अनुमति प्राप्त करने की अंतिम तिथि 25 फरवरी 2026 तय की गई है। सभी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद 28 फरवरी 2026 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।

निर्वाचन आयोग ने यह भी स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण की अवधि के दौरान डीईओ, ईआरओ/एईआरओ सहित संबंधित किसी भी अधिकारी का पद रिक्त नहीं रहेगा और बिना आयोग की पूर्व अनुमति के उनका स्थानांतरण नहीं किया जाएगा। जिला प्रशासन ने जिले के सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे भारत निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर समय रहते अपना नाम, पता और अन्य विवरण अवश्य जांच लें तथा किसी भी प्रकार की त्रुटि होने पर निर्धारित अवधि में दावा या आपत्ति दर्ज कराएं। सही और अद्यतन मतदाता सूची ही निष्पक्ष और मजबूत लोकतंत्र की बुनियाद है।

About The Author