March 2, 2026

शीर्षक: जिला कारागार में विचाराधीन बंदी की मौत का मामला, एसडीएम सदर करेंगे मजिस्ट्रियल जांच

Share करें

शीर्षक: जिला कारागार में विचाराधीन बंदी की मौत का मामला, एसडीएम सदर करेंगे मजिस्ट्रियल जांच

लखीमपुर खीरी। जिला कारागार खीरी में बंद एक विचाराधीन बंदी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मृत्यु के मामले में जिला प्रशासन ने मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दे दिए हैं। जिला मजिस्ट्रेट के निर्देश पर इस गंभीर प्रकरण की जांच की जिम्मेदारी उप जिला मजिस्ट्रेट (एसडीएम) सदर को सौंपी गई है, जो पूरे मामले की निष्पक्ष और विस्तृत जांच करेंगे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक विचाराधीन बंदी सुरेश वर्मा, उम्र लगभग 50 वर्ष, पुत्र स्वर्गीय परमेश्वर वर्मा, निवासी माधवपुरवा थाना धौरहरा, जनपद खीरी, जिला कारागार खीरी में निरुद्ध था। बताया गया है कि 27/28 नवंबर 2025 की रात्रि लगभग 04:10 बजे, बैरक संख्या-11 के शौचालय में उसने गमछे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही कारागार प्रशासन और पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मच गया था।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जिला मजिस्ट्रेट ने तत्काल मजिस्ट्रियल जांच के आदेश जारी किए हैं। आदेश के अनुपालन में उप जिला मजिस्ट्रेट सदर द्वारा 16 दिसंबर 2025 को पूर्वाह्न 11:00 बजे मजिस्ट्रियल जांच की तिथि निर्धारित की गई है। यह जांच कलेक्ट्रेट स्थित एसडीएम सदर के कार्यालय में की जाएगी।

जांच अधिकारी ने इस घटना से जुड़े सभी संबंधित पक्षों, प्रत्यक्षदर्शियों, कारागार प्रशासन, कर्मचारियों तथा मृतक के परिजनों से अपेक्षा की है कि वे निर्धारित तिथि और समय पर उपस्थित होकर अपने-अपने साक्ष्य, बयान एवं अभिकथन प्रस्तुत करें, ताकि घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा सके।

प्रशासन का कहना है कि मजिस्ट्रियल जांच का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि घटना के पीछे की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हों और यदि किसी स्तर पर लापरवाही या अन्य तथ्य सामने आते हैं तो उसके अनुसार आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा सके। जिला प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि जांच निष्पक्ष, पारदर्शी और तथ्यपरक तरीके से की जाएगी, ताकि सच्चाई सामने आ सके और न्याय सुनिश्चित हो।

About The Author