March 2, 2026

✨ श्री हरिहर घाट निर्माण को लेकर नगर के वरिष्ठजनों की अहम बैठक सम्पन्न ✨

Share करें

✨ श्री हरिहर घाट निर्माण को लेकर नगर के वरिष्ठजनों की अहम बैठक सम्पन्न ✨

वराहेश्वर महाकालेश्वर मंदिर गढ़ी को नर्मदा कटाव से बचाने की बनी ठोस रूपरेखा

मनावर (म.प्र.) | सरीता पाटीदार की रिपोर्ट

श्री वराहेश्वर तीर्थ स्थित अति प्राचीन महाकालेश्वर मंदिर गढ़ी के तत्वावधान में माँ नर्मदा तट पर श्री हरिहर घाट निर्माण को लेकर नगर के वरिष्ठ सदस्यों की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में प्रसिद्ध कथा वाचक श्री राधे भैय्या (प्रवीण शर्मा) की गरिमामयी उपस्थिति रही।

बैठक का उद्देश्य श्री हरिहर घाट के निर्माण को शीघ्र प्रारंभ कराने हेतु आगामी कार्ययोजना तय करना रहा। इस दौरान यह भी विचार किया गया कि नर्मदा नदी के निरंतर कटाव से असुरक्षित हो रहे इस प्राचीन तीर्थ वराहेश्वर महाकालेश्वर मंदिर गढ़ी, वराह नगर बड़ा बड़दा को किस प्रकार स्थायी सुरक्षा प्रदान की जाए।

कथा वाचक प्रवीण शर्मा के नेतृत्व में सम्पन्न हुई इस बैठक में यह निर्णय लिया गया कि घाट निर्माण से माँ नर्मदा के भक्तों, परिक्रमा वासियों तथा आसपास के ग्रामों से स्नान हेतु आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित व सुव्यवस्थित सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। यह स्थल भविष्य में नर्मदा भक्तों का एक प्रमुख तीर्थ केंद्र बनेगा।

उल्लेखनीय है कि 24 दिसंबर 2025 को माँ रेवा घाट निर्माण समिति, सेमल्दा में आयोजित कार्यक्रम में कथा वाचक प्रवीण शर्मा (राधे भैय्या) के आमंत्रण पर उपस्थित हुए थे, जहां श्री हरिहर घाट निर्माण हेतु ₹1,33,900/- की अतिरिक्त राशि की घोषणा की गई। इस योगदान को बैठक में विशेष रूप से सराहा गया।

इस अवसर पर प्रवीण शर्मा द्वारा माँ रेवा घाट निर्माण समिति एवं कोटेश्वर नर्मदा बहुउद्देशीय सेवा संस्थान के सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

बैठक में प्रमुख रूप से
कुंदन सिंह तोमर, बुदे सिंह मंडलोई, शैलेन्द्र मंडलोई (बबलू सर), संतोष दरबार, राजेन्द्र सिंह चौहान, पिरते सिंह चौहान, लोकेन्द्र सिंह तोमर, लाखन सिंह चौहान, राहुल सिंह तोमर (कवि), प्रद्युम्न सिंह मंडलोई, मंगल सिंह तोमर सहित माँ नर्मदा समग्र टीम एवं बड़ी संख्या में हरि-हर भक्त उपस्थित रहे।

सभा का समापन हरि-हर, नर्मदे हर के जयघोष के साथ हुआ।

About The Author