March 2, 2026

मां भारती विद्या मंदिर में राष्ट्रीय युवा दिवस हर्षोल्लास से मनाया गया

Share करें

मां भारती विद्या मंदिर में राष्ट्रीय युवा दिवस हर्षोल्लास से मनाया गया

नीरज कुमार
ब्यूरो चीफ
राष्ट्रध्वनि भारत वाणी लखीमपुर खीरी न्यूज़ नेटवर्क

लखीमपुर खीरी। मां भारती विद्या मंदिर, मंझलीं पुरवा में राष्ट्रीय युवा दिवस स्वामी विवेकानंद जी की जयंती के अवसर पर पूरे उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ युवाओं के प्रेरणास्रोत स्वामी विवेकानंद जी के चलचित्र पर मुख्य अतिथि द्वारा दीप प्रज्वलन एवं पुष्पार्चन कर किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्रीमान धर्मेंद्र सिंह चौहान, अध्यक्ष वित्त विहीन विद्यालय संगठन एवं स्नातक एमएलसी प्रत्याशी ने स्वामी विवेकानंद जी के जीवन चरित्र पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए युवाओं को परिश्रम और आत्मविश्वास का महत्व समझाया। उन्होंने कहा कि “मेहनत ही सफलता की कुंजी है” और स्वामी विवेकानंद जी के प्रसिद्ध वाक्य “उठो, जागो और तब तक मत रुको जब तक अपना लक्ष्य प्राप्त न हो जाए” को जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया।

मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा संस्कारों की जननी है। शिक्षा के माध्यम से न केवल ज्ञान, बल्कि संस्कार, आर्थिक समृद्धि और पुण्य का भी संचय किया जा सकता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे शिक्षा को अपना सबसे बड़ा हथियार बनाएं और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में राष्ट्रकवि श्रीमान विशेष जी एवं श्रीमान मुकेश जी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामवासी, विद्यालय की प्रबंध समिति, विद्यालय के प्रधानाचार्य श्रीमान शिवकुमार विश्वकर्मा जी शिल्पकार, समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा भैया-बहन (छात्र-छात्राएं) मौजूद रहे।

कार्यक्रम का समापन राष्ट्रकवि श्रीमान विशेष जी द्वारा प्रेरणादायी कविता पाठ के साथ किया गया, जिसने उपस्थित जनसमूह में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार किया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार द्वारा अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया।

About The Author