March 2, 2026

चाइनीज मांझे का कहर: डॉक्टर की गर्दन काटी, तड़प-तड़पकर गई जान, जौनपुर में दूसरी दर्दनाक मौत

Share करें

चाइनीज मांझे का कहर: डॉक्टर की गर्दन काटी, तड़प-तड़पकर गई जान, जौनपुर में दूसरी दर्दनाक मौत

जौनपुर।
जनपद में चाइनीज मांझा एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ। लाइन बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत पचहटिया (प्रसाद तिराहा) के पास चाइनीज मांझे की चपेट में आने से 25 वर्षीय डॉक्टर की दर्दनाक मौत हो गई। यह घटना जौनपुर में चाइनीज मांझे से होने वाली दूसरी मौत है, जिससे पूरे जिले में आक्रोश और दहशत का माहौल है।

मृतक की पहचान डॉ. समीर हाशमी पुत्र कपिल, निवासी शेखजादा मोहल्ला, तहसील केराकत के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि डॉ. समीर बुधवार को किसी कार्य से जौनपुर आए थे और दोपहर करीब 12:30 बजे बाइक से अपने घर केराकत लौट रहे थे। वह हेलमेट लगाए हुए थे, लेकिन जैसे ही वह पचहटिया में प्रसाद तिराहे के पास पहुंचे, अचानक चाइनीज मांझा उनके गले में फंस गया

जब तक वह कुछ समझ पाते, तब तक तेज धार वाले मांझे ने उनकी गर्दन को बुरी तरह काट दिया। गला कटते ही वह बाइक से नीचे गिर पड़े और अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा। कुछ ही पलों में वह अचेत हो गए। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्काल मानवता दिखाते हुए उन्हें एम्बुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां का माहौल बेहद गमगीन हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया

गौरतलब है कि इससे पहले भी जनपद में एक शिक्षक की गर्दन कटने से मौत हो चुकी है। लगातार दूसरी मौत के बाद प्रशासन द्वारा चाइनीज मांझे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की प्रभावशीलता पर सवाल उठने लगे हैं। आमजन में प्रशासन के प्रति नाराजगी देखी जा रही है।

इस संबंध में सीओ सिटी गोल्डी गुप्ता ने बताया कि चाइनीज मांझे के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि यह केवल प्रशासन का नहीं बल्कि जन अभियान है, जिसमें आम लोगों की सहभागिता बेहद जरूरी है। फिलहाल इस मामले में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।

यह घटना एक बार फिर चेतावनी है कि चाइनीज मांझा सिर्फ गैरकानूनी ही नहीं, बल्कि जानलेवा हथियार बन चुका है।

⚠️ सावधान रहें, सतर्क रहें
⚠️ चाइनीज मांझे का प्रयोग न करें
⚠️ लोगों को जागरूक करें, एक जान बचाना भी बड़ी जिम्मेदारी है

About The Author