March 2, 2026

मतदाता सूची दुरुस्तीकरण अभियान को मिली गति, 18245 नए आवेदन, एडीएम ने दिए सख्त निर्देश

Share करें

मतदाता सूची दुरुस्तीकरण अभियान को मिली गति, 18245 नए आवेदन, एडीएम ने दिए सख्त निर्देश

लखीमपुर खीरी, 18 जनवरी।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में चल रहे विशेष प्रगाढ़ मतदाता पुनरीक्षण अभियान को रविवार को नई गति मिली। विशेष अभियान दिवस के तहत जिले के 3283 मतदान बूथों पर कुल 18,245 फॉर्म-6 प्राप्त हुए, जो मतदाता जागरूकता का स्पष्ट संकेत है।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी नरेंद्र बहादुर सिंह ने अभियान की निगरानी करते हुए कई मतदान स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने राजकीय इंटर कॉलेज, इस्लामिया इंटर कॉलेज, स्वामी श्याम प्रकाश इंटर कॉलेज और आर्य कन्या इंटर कॉलेज में स्थापित बूथों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

एडीएम ने बीएलओ द्वारा संचालित हेल्प डेस्क पर जाकर आवेदन प्राप्ति, सत्यापन और निस्तारण की प्रक्रिया की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी आवेदनों का निस्तारण समयबद्ध और त्रुटिरहित ढंग से किया जाए।

निरीक्षण के दौरान एडीएम ने कहा कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके किसी भी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची से छूटना नहीं चाहिए। इसके लिए डोर-टू-डोर संपर्क, मौके पर आवेदन स्वीकार करने और जनजागरूकता अभियान को और तेज करने के निर्देश दिए गए।

एडीएम ने आम नागरिकों से भी संवाद किया और उन्हें मतदाता सूची में सुधार से जुड़ी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नया नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6, विवरण संशोधन के लिए फॉर्म-8 भरा जा सकता है। ऑनलाइन आवेदन voters.eci.gov.in पर किया जा सकता है, जबकि किसी भी सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क किया जा सकता है।

निरीक्षण के समय एसडीएम सदर अश्विनी कुमार सिंह और तहसीलदार मुकेश कुमार भी उपस्थित रहे। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की कि वे लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाएं।

 

About The Author