‘अब हमारी भी छत है’— पीएम आवास योजना से बदली 5100 परिवारों की तकदीर, सीएम ने भेजी पहली किस्त
लखीमपुर खीरी, 18 जनवरी।
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत लखीमपुर खीरी जिले में 5100 शहरी गरीब परिवारों का पक्का घर सपना रविवार को साकार हुआ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मौनी अमावस्या के अवसर पर 51 करोड़ रुपये की पहली किस्त डीबीटी के माध्यम से सीधे लाभार्थियों के खातों में स्थानांतरित की।
इस अवसर पर कलेक्ट्रेट स्थित अटल सभागार में भव्य आयोजन हुआ। कार्यक्रम में विधायक धौरहरा विनोद शंकर अवस्थी, जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल, एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह एवं पीओ डूडा संगीता सिंह की मौजूदगी में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की लाइव स्ट्रीमिंग की गई।
मुख्यमंत्री ने लखनऊ से बटन दबाकर प्रत्येक लाभार्थी के खाते में एक-एक लाख रुपये की राशि भेजी। इस दौरान लाभार्थियों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। विधायक विनोद शंकर अवस्थी ने लाभार्थियों को आवास स्वीकृति पत्र वितरित किए।
विधायक विनोद शंकर अवस्थी ने कहा कि यह योजना गरीबों के जीवन में स्थायी बदलाव ला रही है। उन्होंने कहा कि पक्का आवास मिलने से न केवल जीवन स्तर सुधरता है, बल्कि समाज में सम्मान भी बढ़ता है।

जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि कोई भी पात्र परिवार बिना छत के न रहे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य की नियमित निगरानी की जाए।
एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि यह योजना गरीबों के आत्मसम्मान और आत्मनिर्भरता का आधार बन रही है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने पलिया क्षेत्र के लाभार्थी हीरालाल थारू से संवाद किया। हीरालाल भावुक होकर बोले—“अब हमारी भी छत है।” उन्होंने मुख्यमंत्री को कोटि-कोटि प्रणाम किया। मुख्यमंत्री ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि सरकार की योजनाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही हैं।
हीरालाल ने बताया कि उनके परिवार को उज्ज्वला योजना, राशन कार्ड, शौचालय और बिजली कनेक्शन का भी लाभ मिला है। मुख्यमंत्री ने समाज के अन्य लोगों को भी योजनाओं के प्रति जागरूक करने की अपील की।
संवाद के बाद हीरालाल ने थारू समाज की ओर से प्रधानमंत्री को धन्यवाद पत्र लिखने का संकल्प लिया। मुख्यमंत्री ने इस पहल की सराहना की।
कार्यक्रम का समापन लाभार्थियों के उत्साह और विश्वास के साथ हुआ। लोगों ने कहा कि पीएम आवास योजना ने उनके जीवन में सुरक्षा, सम्मान और स्थायित्व दिया है।
More Stories
युवराज अंबेडकर एजुकेशनल ट्रस्ट द्वारा भव्य ओपन माइक शो का आयोजन, युवा प्रतिभाओं ने बिखेरा हुनर का जलवा
होली पर्व को लेकर प्रशासन सतर्क अतर्रा कोतवाली में हुई पीस कमेटी की बैठक, जाम–सफाई–बिजली व्यवस्था पर हुई विस्तार से चर्चा
नेशनल हाईवे-35 पर भीषण हादसा: कार-बाइक की आमने-सामने टक्कर, तीन गंभीर