March 2, 2026

नशा मुक्त गांव की दिशा में सशक्त पहल ग्रामोदय से अभ्युदय अभियान के तहत कुशावदा में जागरूकता कार्यक्रम संपन्न

Share करें

नशा मुक्त गांव की दिशा में सशक्त पहल
ग्रामोदय से अभ्युदय अभियान के तहत कुशावदा में जागरूकता कार्यक्रम संपन्न

संवाददाता: निलेश मालवीय

बदनावर/कानवन। ग्रामोदय से अभ्युदय मध्य प्रदेश अभियान के अंतर्गत 12 जनवरी से 26 जनवरी तक चल रहे “नशा मुक्त हो गांव हमारा” सेक्टर स्तरीय अभियान के तहत नागदा सेक्टर-05 के ग्राम कुशावदा में शासकीय माध्यमिक विद्यालय परिसर में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर धार नारी शक्ति विकास नवांकुर के अध्यक्ष श्री बालाराम चौहान ने कहा कि नशा मानव जीवन के लिए विष के समान है, जो व्यक्ति को धीरे-धीरे पतन और बर्बादी की ओर ले जाता है। नशीले मादक पदार्थों का सेवन न केवल व्यक्ति को नष्ट करता है, बल्कि पूरे परिवार की सुख-शांति छीनकर उसे कर्ज और अव्यवस्था के दलदल में धकेल देता है।

उन्होंने शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि समाज की अंतिम पंक्ति में बैठे व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचना आवश्यक है। प्रस्फुटन समिति से प्रेमलता जायसवाल एवं अर्जुन पवार ने अपने उद्बोधन में कहा कि नशा स्वास्थ्य के लिए अत्यंत हानिकारक है और इससे दूरी बनाकर ही स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है।

विद्यालय की शिक्षिका सुमन अलावा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यार्थी जीवन में गुटखा, पाउच एवं तंबाकू जैसे नशीले पदार्थों का सेवन बिल्कुल नहीं करना चाहिए, क्योंकि यही आदतें आगे चलकर गंभीर समस्याओं का कारण बनती हैं।

कार्यक्रम के पश्चात उपस्थितजनों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई। इसके बाद विद्यालय परिसर से ग्राम में जागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें विद्यार्थियों ने नशा विरोधी नारों के माध्यम से ग्रामवासियों को जागरूक किया। “नशा स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है”, “जो नशे को अपनाएगा वह घर को लौटकर नहीं आएगा”, “बर्बादी का नाम है नशा” जैसे नारों से वातावरण गूंज उठा।

इस अवसर पर सचिव अशोक जोशी, प्रेमलता जायसवाल, राजू सिंह अखाड़े, मनु पाटीदार, भावना पाटीदार, सीमा चौहान, बसंता बाई सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने नशा मुक्त गांव की दिशा में जनजागरूकता का मजबूत संदेश दिया।

About The Author