March 1, 2026

**जनसुनवाई में कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने सुनी आमजन की समस्याएं,

Share करें

**जनसुनवाई में कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने सुनी आमजन की समस्याएं,

अधिकारियों को दिए त्वरित निराकरण के निर्देश**

हरदा से ब्यूरो चीफ: गोपाल शुक्ला

हरदा | 27 जनवरी 2026
जिले के नागरिकों की समस्याओं के समाधान के उद्देश्य से मंगलवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने आमजन से सीधे संवाद कर उनकी शिकायतें और मांगें सुनीं। कलेक्टर ने प्रत्येक प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण के स्पष्ट निर्देश दिए।

जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर जैन ने कहा कि

“जनसुनवाई शासन और आम नागरिकों के बीच सेतु का काम करती है। शासन की योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्ति तक पहुंचे, यह प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।”

इन मामलों पर दिए गए त्वरित निर्देश

जनसुनवाई में ग्राम धनगांव निवासी चतरू काजले ने किसान सम्मान निधि की राशि प्राप्त नहीं होने की शिकायत दर्ज कराई। इस पर कलेक्टर जैन ने तहसीलदार हंडिया को प्रकरण की जांच कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसी प्रकार कुलहरदा निवासी अमजद खान ने नाली के ऊपर किए गए अतिक्रमण को हटवाने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। कलेक्टर ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को मौके की जांच कर नियमानुसार अतिक्रमण हटवाने के निर्देश दिए।

ग्राम जात्राखेड़ी निवासी दिनेश पंवार ने पात्रता पर्ची बनवाने की मांग रखी। इस पर कलेक्टर ने जिला आपूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया कि पात्रता अनुसार आवेदक की खाद्यान्न पर्ची तत्काल बनाई जाए, ताकि शासन की योजनाओं का लाभ मिल सके।

वहीं छीपाबड़ निवासी आयुष मीना ने लेपटॉप प्रोत्साहन राशि प्राप्त नहीं होने की शिकायत की। इस पर कलेक्टर ने सहायक संचालक, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग को आवश्यक कार्रवाई कर समस्या का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए।

वरिष्ठ अधिकारी रहे उपस्थित

जनसुनवाई कार्यक्रम में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती अंजली जोसेफ जोनाथन, संयुक्त कलेक्टर सतीश राय एवं सुश्री रजनी वर्मा, एसडीएम हरदा अशोक डहेरिया, एसडीएम टिमरनी संजीव नागू, एसडीएम खिरकिया सुश्री शिवांगी बघेल सहित अन्य जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

जनसुनवाई में बड़ी संख्या में नागरिकों ने अपनी समस्याएं रखीं, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि प्रशासन आमजन की शिकायतों के समाधान को लेकर सजग और संवेदनशील है।

About The Author